दुबई चैंबर्स व FTA व्यापारिक समुदाय के बीच कर अनुपालन को बढ़ाएंगे

दुबई, 16 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई चैंबर्स ने यूएई कर प्रणाली के बारे में स्थानीय व्यापार समुदाय की जागरूकता बढ़ाने के लिए अपने मुख्यालय में "अनुपालन चुनौतियां कार्यशाला 2024" की मेजबानी की है।

दुबई चैंबर्स के सहयोग से संघीय कर प्राधिकरण (FTA) द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में 130 प्रतिभागियों ने भाग लिया और यूएई में संचालित व्यवसायों पर लागू होने वाले प्रमुख करों, जिनमें उत्पाद शुल्क और वैट शामिल हैं, के साथ कर रिटर्न जमा करने की प्रक्रियाओं का अवलोकन प्रदान किया गया।

सत्र में प्रशासनिक जुर्माना माफी और किस्त योजना अनुरोधों की भी जांच की गई और साथ ही लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए व्यापार संचालन और कर अनुपालन को सुविधाजनक बनाने के लिए FTA द्वारा शुरू किए गए मुवाफाक पैकेज पर भी प्रकाश डाला गया।

इस सत्र में कर-संबंधी सभी लेन-देन और प्रक्रियाओं के बारे में उपस्थित लोगों के प्रश्नों के उत्तर देने के लिए एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया।

दुबई चैम्बर्स में बिजनेस एडवोकेसी के उपाध्यक्ष महा अल गर्गावी ने कहा, "निजी क्षेत्र के बीच कर प्रणाली के बारे में जागरूकता बढ़ाने के हमारे प्रयासों से कंपनियों की अपने कर दायित्वों को पूरा करने की क्षमता बढ़ती है, जो दुबई के अनुकूल कारोबारी माहौल को मजबूत करने और स्थायी विकास को बढ़ावा देने में योगदान देता है।"

FTA में करदाता सेवाओं की निदेशक ज़हरा अल दहमानी ने कहा कि कार्यशाला का आयोजन प्राधिकरण की रणनीति के अनुरूप है, जिसके तहत एक ऐसा कर वातावरण तैयार किया जाता है, जो स्वैच्छिक अनुपालन को प्रोत्साहित करता है और सभी व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंचने, उन्हें कर कानूनों व प्रक्रियाओं से परिचित कराने, स्पष्ट व आसानी से लागू होने वाली जानकारी प्रदान करने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान आयोजित करता है।

अनुवाद - पी मिश्र.