गैस सुरक्षा समिति, अबू धाबी नगर पालिका और परिवहन विभाग ने अमीरात निर्माण स्थलों के लिए गैस सिलेंडर सुरक्षा प्रोटोकॉल निर्धारित किए

अबू धाबी, 5 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- निर्माण स्थलों पर उच्चतम पर्यावरण और स्वास्थ्य मानकों को बनाए रखने और अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता के रूप में अबू धाबी नगर पालिका और परिवहन विभाग (DMT) के सहयोग से गैस सुरक्षा समिति ने निर्माण स्थलों पर गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग के लिए एक परिपत्र जारी किया है।

गैस सुरक्षा समिति की स्थापना अमीरात भर की इमारतों में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस प्रणालियों की सुरक्षा का आकलन करने के लिए अबू धाबी ऊर्जा विभाग (DoE) की एक पहल के प्रतिक्रिया में की गई थी। समिति का एक उद्देश्य दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रयासों के समन्वय, प्रक्रियाओं की समीक्षा और गैस आपूर्ति और स्थापना गतिविधियों के लिए मानक स्थापित करके इसकी आपूर्ति और उपयोग की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। समिति ने सभी ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं से परिपत्र का पालन करने, सभी अनुशंसित सुरक्षा उपायों को लागू करने और आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है। समिति अग्नि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए निर्माण स्थलों पर सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा मानकों के अनुपालन की बारीकी से निगरानी करेगी।

सभी ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं को परिपत्रों में निहित सुरक्षा आवश्यकताओं का पूरी तरह से पालन करना होगा। सलाहकार यह सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं कि ठेकेदार इन आवश्यकताओं का पालन करें।

सिटी प्लानिंग सेक्टर के कार्यकारी निदेशक इंजीनियर खालिद नासिर अल मेंहली ने निर्माण स्थलों पर पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा आवश्यकताओं के पालन में ठेका कंपनियों, सलाहकारों और डेवलपर्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। अधिकारियों द्वारा जारी परिपत्रों के अनुपालन की अनिवार्य प्रकृति पर जोर देते हुए उन्होंने इन मानकों को लागू करने पर अमीरात, कंपनियों और भवन व निर्माण क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सकारात्मक परिणामों पर जोर दिया।

नगर पालिका ने सलाहकारों और डेवलपर्स से आग्रह किया कि वे जारी किए गए परिपत्रों के ठेकेदारों के पालन की निगरानी करें और अग्नि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जागरूकता कार्यशालाओं के माध्यम से भवन और निर्माण क्षेत्र में श्रमिकों को पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा जोखिमों के बारे में शिक्षित करें।

DMT और उसके रणनीतिक साझेदार ठेकेदारों, सलाहकारों और डेवलपर्स को परिपत्रों और विशिष्ट कानूनों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय निरीक्षण अभियान चलाते हैं।

DoE के नेतृत्व में समिति की अमीरात में बारह संस्थाएं हैं। इसकी मुख्य जिम्मेदारियों में गैस से संबंधित आवश्यकताओं, सुरक्षा और तकनीकी मानकों की समीक्षा करने और प्रस्ताव देने और उल्लंघनकर्ताओं के लिए उल्लंघन, जुर्माना व दंड का सुझाव देना शामिल है। समिति यह सुनिश्चित करती है कि प्रतिष्ठान और व्यक्ति गैस गतिविधियों के लिए लाइसेंस, परमिट, आवश्यकताओं और मानकों का अनुपालन करें।

समिति जनता को इसके साथ संवाद करने और अबू धाबी सरकार के टोल-फ्री नंबर 800555 पर कॉल करके निर्माण स्थलों पर पाई गई किसी भी अनियमितता की रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित करती है।

अनुवाद - पी मिश्र.