अबू धाबी, 1 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संयुक्त अरब अमीरात की राष्ट्रीय एयरलाइन एतिहाद एयरवेज ने दो नई सेवाएं शुरू करके 2024 की शुरुआत की है।
भारत के केरल क्षेत्र में अबू धाबी से कोझिकोड (CCJ) और तिरुवनंतपुरम (TRV) के लिए दैनिक उड़ानें नए साल के दिन से शुरू हुईं।
प्रत्येक गंतव्य के लिए ये नॉन-स्टॉप सेवाएं एतिहाद द्वारा सेवा प्रदान किए जाने वाले भारतीय गेटवे की कुल संख्या को 10 तक ले आती हैं, जो उपमहाद्वीप से आने-जाने वाले मेहमानों के लिए अपने विस्तारित वैश्विक नेटवर्क तक आसान पहुंच प्रदान करने के लिए एयरलाइन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
एतिहाद के सीईओ एंटोनोआल्डो नेव्स ने कहा, “हमने भारत और अबू धाबी के बीच नॉन-स्टॉप मार्गों का एक शानदार समूह स्थापित किया है, जो ग्राहकों को मुख्य भारतीय हब हवाई अड्डों में से एक के माध्यम से पार किए बिना हमारे बढ़ते नेटवर्क तक आसान पहुंच प्रदान करता है।”
"अबू धाबी में निर्बाध और व्यावहारिक कनेक्शन यह सुनिश्चित करते हैं कि हमारे मेहमान लंदन और उत्तरी अमेरिका के लिए हमारी चार दैनिक सेवाओं सहित GCC, यूरोप के गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकें। इसके अलावा उन्हें अपनी यात्रा के अभिन्न अंग के रूप में अबू धाबी में एक शानदार पड़ाव का लाभ लेने का अवसर मिला है।”
इस सेवा की शुरूआत से केरल के सुरम्य ग्रामीण इलाकों और समुद्र तटों तक पहुंच बढ़ जाती है, जिससे क्षेत्र में आने वाले पर्यटन में वृद्धि होती है। इसके अतिरिक्त यह क्षेत्र में बढ़ते व्यावसायिक केंद्रों का दौरा करने वाले पेशेवरों के लिए यात्रा को सुव्यवस्थित करता है।
2023 में एयरलाइन ने कोलकाता के लिए सेवाएं फिर से शुरू कीं, जो पूर्वी भारत को वैश्विक गंतव्यों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण भारतीय प्रवेश द्वार है। इसके अलावा एयरलाइन ने अपने सबसे लोकप्रिय मार्गों में से दो मुंबई और दिल्ली के लिए उड़ानों की आवृत्तियों को प्रति दिन दो से बढ़ाकर प्रभावशाली चार उड़ानें प्रति दिन कर दिया है।
2024 के लिए एतिहाद ने पहले ही 31 मार्च से बोस्टन, यूएसए के लिए, 1 मई को नैरोबी, केन्या के लिए नई उड़ानों की घोषणा कर दी है और इसके रोमांचक ग्रीष्मकालीन कार्यक्रम में नीस, फ्रांस के लिए एक उद्घाटन नॉन-स्टॉप सेवा और ग्रीक द्वीपों मायकोनोस और सेंटोरिनी के लिए सीधी उड़ानें शामिल हैं।
अनुवाद - पी मिश्र.