अबू धाबी, 10 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संघीय पहचान, नागरिकता, सीमा शुल्क और बंदरगाह सुरक्षा प्राधिकरण ने ट्रेंड्स रिसर्च एंड एडवाइजरी के सीईओ डॉ. मोहम्मद अब्दुल्ला अल-अली को अमीरात अकादमी फॉर आइडेंटिटी एंड सिटिजनशिप के सलाहकार बोर्ड के सदस्य के रूप में नामित किया है।
नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि यह निर्णय प्रशिक्षण और शिक्षा में डॉ. अल-अली के अनुभव और योगदान को मान्यता देता है। प्राधिकरण अमीरात अकादमी फॉर आइडेंटिटी एंड सिटिजनशिप को विकसित करने में उनके निरंतर सहयोग और अथक प्रयासों की अत्यधिक प्रशंसा करता है।
नियुक्ति के लिए आभार व्यक्त करते हुए डॉ. अल-अली इसे ट्रेंड्स रिसर्च एंड एडवाइजरी और अकादमी के बीच तालमेल को मजबूत करने के एक मूल्यवान अवसर के रूप में देखते हैं।
उन्होंने रचनात्मकता और जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए अकादमी द्वारा सर्वोत्तम प्रथाओं, उन्नत प्रौद्योगिकियों और डिजिटल संसाधनों को अनुकरणीय रूप से अपनाने का हवाला देते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान और शिक्षा के बीच सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
डॉ. अल-अली आधिकारिक तौर पर अकादमी की पहली बैठक के दौरान इसके सलाहकार बोर्ड में शामिल हुए, जहां सदस्यों ने इसके शैक्षिक कार्यक्रमों और पहलों को बढ़ाने के लिए संभावित रणनीतियों पर चर्चा की।
सलाहकार बोर्ड अकादमी के प्रशासन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और यह सुनिश्चित करता है कि यह अपने मिशन और उद्देश्यों को पूरा करे। बोर्ड अकादमी के समग्र प्रदर्शन की देखरेख करता है और इसके संचालन को राष्ट्रीय शिक्षा नीतियों और विनियमों के साथ संरेखित करता है।
इसके अलावा सलाहकार बोर्ड सामान्य नीतियों का मसौदा तैयार करता है और मानद डिग्री व विशेषज्ञता के अन्य क्षेत्रों सहित अकादमी द्वारा दी गई डिग्री का प्रस्ताव करता है।
अनुवाद - एस कुमार.