यूएई और भारत ने कई क्षेत्रों में निवेश सहयोग के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए

अबू धाबी, 9 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई के निवेश मंत्रालय ने नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्रों में द्विपक्षीय निवेश सहयोग के विस्तार के लिए रूपरेखा तैयार करते हुए भारत के साथ तीन समझौता पर हस्ताक्षर किए हैं।

समझौतों पर संबंधित भारतीय मंत्रालयों द्वारा हस्ताक्षर किए गए, जो भारत की समृद्ध अर्थव्यवस्था के निरंतर विकास का सहयोग करने के लिए यूएई की मजबूत प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं, जो चालू वित्त वर्ष के दौरान 7.3 फीसदी बढ़ने का अनुमान है।

यूएई और भारत के बीच आर्थिक जुड़ाव बहुआयामी है और तेजी से बढ़ रहा है, जो दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर आधारित है, जो मई 2022 में लागू हुआ। अप्रैल 2022 और मार्च 2023 के बीच यूएई और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार 84.5 बिलियन डॉलर था और 2027 तक बढ़कर 100 बिलियन डॉलर होने की उम्मीद है।

2023 में 18 बिलियन डॉलर के अनुमानित निवेश के साथ यूएई भारत में सातवां सबसे बड़ा निवेशक भी है।

तीन समझौता यूएई के निवेश मंत्रालय और के बीच हैं:

• नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश सहयोग पर भारत के नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय;

• फूड पार्क विकास में निवेश सहयोग पर भारत के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय;

• भारत का स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय नई स्वास्थ्य देखभाल परियोजनाओं में निवेश सहयोग पर।

नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश सहयोग पर समझौता

नवीकरणीय ऊर्जा पर समझौते पर यूएई के निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अल सुवेदी और भारत के विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत भारत में लागू होने वाली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश सहयोग 60 गीगावाट तक पहुंच सकता है।

जलवायु परिवर्तन से निपटने के वैश्विक प्रयासों के सहयोग में स्वच्छ ऊर्जा में परिवर्तन भारत के लिए प्राथमिकता है। देश का लक्ष्य 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन हासिल करना और 2030 तक अपनी बिजली आवश्यकताओं का 50 फीसदी नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरा करना है। परिणामस्वरूप भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 500 गीगावाट तक बढ़ाने की योजना है, जिससे इसकी अर्थव्यवस्था की उत्सर्जन तीव्रता 45 फीसदी कम हो जाएगी और एक अरब टन कार्बन डाइऑक्साइड कम हो जाएगा। भारत सरकार का अनुमान है कि देश को निम्न-कार्बन पथ पर स्थानांतरित करने के लिए 2070 तक 10 ट्रिलियन डॉलर से अधिक के नए निवेश की आवश्यकता होगी।

यूएई और भारत के बीच समझौता सार्वजनिक और निजी संगठनों के बीच संबंध बनाकर प्रभावी सहयोग बनाने पर केंद्रित है। यह समझौता अतिरिक्त रूप से प्रासंगिक पहलों का सहयोग करने के लिए प्रोत्साहनों के कार्यान्वयन का प्रस्ताव करता है और इसका उद्देश्य ज्ञान के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाना है।

फूड पार्क विकास में निवेश सहयोग पर समझौता

फूड पार्क विकास में निवेश सहयोग के समझौते पर यूएई के निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अल सुवेदी और भारत के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस ने हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत, पार्टियां खाद्य पार्क परियोजनाओं को विकसित करने और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अन्य पहलों को चलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो वैश्विक खाद्य सुरक्षा में योगदान देती हैं। निवेश सहयोग का उद्देश्य अत्याधुनिक कृषि तकनीक, स्वच्छ तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों का उपयोग करना है, जो यूएई और भारत के बीच एक महत्वपूर्ण साझेदारी का प्रतीक है।

समझौता सार्वजनिक और निजी संगठनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विकास के माध्यम से मजबूत और कुशल सहयोग स्थापित करने पर केंद्रित है। समझौते में प्रासंगिक पहलों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन देने का भी प्रस्ताव है और ज्ञान के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।

भारत में खाद्य प्रसंस्करण को एक "उद्यम क्षेत्र" माना जाता है, जिसे मेगा फूड पार्क योजना द्वारा बढ़ावा दिया गया है, जो 2008 में शुरू की गई एक प्रमुख सरकारी पहल है जिसका उद्देश्य मूल्य श्रृंखला के साथ खाद्य प्रसंस्करण के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा सुविधाएं प्रदान करना है।

यह योजना खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के समूहों की स्थापना में सार्वजनिक और निजी संस्थाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करती है, जिन्हें "फूड पार्क" के रूप में जाना जाता है।

भारत का खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र दुनिया के सबसे बड़े क्षेत्रों में से एक है, जो पिछले पांच सालों में 8.3 फीसदी की औसत वार्षिक वृद्धि दर से विकसित हो रहा है। 2025/2026 तक इस क्षेत्र का उत्पादन 535 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। उम्मीद है कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नई स्वास्थ्य देखभाल परियोजनाओं में निवेश सहयोग पर समझौता

नई स्वास्थ्य देखभाल परियोजनाओं में निवेश सहयोग पर समझौते पर यूएई के निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अल सुवेदी और भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने हस्ताक्षर किए।

भारत में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र लगभग 372 बिलियन डॉलर का होने का अनुमान है। किफायती उपचार, उन्नत तकनीक, विशिष्टताओं की एक विस्तृत श्रृंखला के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच जैसे कारकों ने इस उद्योग के विकास को गति दी है।

दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में भारत ने साल-दर-साल सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यय में वृद्धि के कारण सस्ती, सुलभ और तेजी से नई स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता दी है।
अनुवाद - एस कुमार.