यूएई के 10 सहायता ट्रक गाजा निवासियों के लिए राफा क्रॉसिंग पर पहुंचे

राफा, 10 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- गाजा पट्टी के निवासियों की सहायता के लिए यूएई का मानवीय सहायता काफिला राफा क्रॉसिंग पर पहुंच गया है। यह चल रहे संघर्ष के बीच कठोर सर्दियों का सामना कर रहे फिलिस्तीनियों को बहुत जरूरी राहत पहुंचाने के लिए यूएई के वार्षिक शीतकालीन अभियान "बी देयर वार्मथ" का हिस्सा है।

अमीरात रेड क्रीसेंट (ERC) ने 'गैलेंट नाइट 3' मानवीय अभियान के रूप में "बी देयर वार्मथ" थीम के तहत वार्षिक शीतकालीन अभियान शुरू किया है।

गाजा पट्टी में प्रवेश करने की तैयारी कर रहे काफिले में 10 ट्रक शामिल हैं, जो गाजावासियों के लिए लगभग 1.65 मिलियन सर्दियों के कपड़े और कंबल ले जा रहे हैं। यह खासकर उन लोगों के लिए है, जो शिविरों में हैं और गंभीर ठंड के मौसम का सामना कर रहे हैं।

यह अभियान गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध से प्रभावित फिलिस्तीनी बच्चों और परिवारों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करता है। यह अभियान मानवीय स्थिति की गंभीरता और सबसे कमजोर समूहों विशेषकर बच्चों की पीड़ा को कम करने का प्रयास करता है।

गाजा की गंभीर स्थिति पर यह त्वरित प्रतिक्रिया फिलिस्तीनी लोगों का सहयोग करने के लिए यूएई की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का उदाहरण देती है। यह देश के मानवीय सिद्धांतों और जरूरत के समय अपने भाइयों के साथ खड़े रहने के ठोस संकल्प को रेखांकित करता है।

ERC ने आगे बताया कि उसके वार्षिक शीतकालीन अभियान से प्राप्त आय का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इस कठोर सर्दियों के दौरान परिवारों और बच्चों की सहायता के लिए निर्देशित किया जाएगा। स्थिति की तात्कालिकता को पहचानते हुए प्राधिकरण ने इस अभियान के रूप में दानदाताओं को गाजा के लोगों की मदद करने का अवसर प्रदान किया है।

ERC ने परोपकारियों से अभियान में भाग लेने और वस्तु या नकद में दान देने का आह्वान किया।

ERC ने सभी के लिए अभियान में योगदान देना आसान बना दिया है। दान वस्तु के रूप में या विभिन्न सुविधाजनक चैनलों के माध्यम से किया जा सकता है, जिसमें वेबसाइट, बैंक जमा, स्मार्टफोन एप्लिकेशन, टेक्स्ट संदेश, एक टोल-फ्री नंबर, नकद दान बक्से और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। प्राधिकरण ने देश भर में लगभग 175 स्थानों विशेष रूप से वाणिज्यिक केंद्रों, बाजारों और विभिन्न संस्थानों में अपने प्रतिनिधियों को तैनात किया है।

अनुवाद - पी मिश्र.