यूएई के राष्ट्रपति ने भारत में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में हिस्सा लिया

अहमदाबाद, 10 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण के बाद भारत में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल शिखर सम्मेलन के 10वें संस्करण में भाग लिया है।

गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के कई राष्ट्राध्यक्ष, सरकारी अधिकारी, निर्णयकर्ता और व्यापार व वित्त पेशेवर भाग ले रहे हैं।

शिखर सम्मेलन में बोलते हुए हिज हाइनेस ने निमंत्रण के लिए भारतीय प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया और शिखर सम्मेलन की 20वीं वर्षगांठ पर उन्हें बधाई दी। यूएई के राष्ट्रपति ने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की स्थापना सबसे पहले नरेंद्र मोदी ने की थी। यह समिट आर्थिक विकास और निवेश में विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच बन गया है।

हिज हाइनेस ने उद्घाटन समारोह के दौरान उनकी व्यावहारिक टिप्पणियों के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की भी प्रशंसा की।

शिखर सम्मेलन में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए हिज हाइनेस शेख मोहम्मद ने कहा, "इस शिखर सम्मेलन में भारत और दुनिया भर के हमारे दोस्तों के साथ शामिल होना खुशी की बात है, जो हमारे लोगों और राष्ट्रों के लिए समृद्धि और प्रगति के रास्ते खोजने के लिए एक सहयोगात्मक यात्रा शुरू कर रहे हैं।"

हिज हाइनेस ने कार्यक्रम के प्रतिभागियों और आयोजकों को धन्यवाद दिया और इसमें शामिल सभी लोगों के लिए सहयोग, विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने वाले परिणाम प्राप्त करने में शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

यात्रा के दौरान हिज हाइनेस के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में अबू धाबी के उप शासक और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हिज हाइनेस शेख तहनून बिन जायद अल नहयान; विदेश मंत्री हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान; राष्ट्रपति न्यायालय में विशेष मामलों के सलाहकार हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन हमद बिन तहनून अल नहयान; हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान; राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सर्वोच्च परिषद के महासचिव हिज हाइनेस अली बिन हम्माद अल शम्सी; हिज हाइनेस राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार हिज हाइनेस डॉ. अनवर बिन मोहम्मद गर्गश; अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री हिज हाइनेस रीम बिन्त इब्राहिम अल हशेमी; निवेश मंत्री हिज हाइनेस मोहम्मद हसन अल सुवेदी; विदेश व्यापार राज्य मंत्री हिज हाइनेस डॉ. थानी बिन अहमद अल जायोदी के अलावा अन्य अधिकारी भी शामिल थे।

दिन की शुरुआत में शिखर सम्मेलन स्थल पर हिज हाइनेस का स्वागत प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किया गया। दोनों नेताओं ने सौहार्दपूर्ण बातचीत की और आधिकारिक तस्वीरें खिंचवाईं।

अनुवाद - पी मिश्र.