अबू धाबी, 12 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई निवेश मंत्रालय ने कजाकिस्तान के डिजिटल विकास, नवाचार और एयरोस्पेस उद्योग मंत्रालय और सॉवरेन वेल्थ फंड Samruk-Kazyna के साथ एक समझौता पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस रणनीतिक समझौते का उद्देश्य कजाकिस्तान में डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) परियोजनाओं में निवेश सहयोग के लिए एक रूपरेखा तैयार करना है।
समझौता पर निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अलसुवैदी; कजाकिस्तान के डिजिटल विकास, नवाचार और एयरोस्पेस उद्योग मंत्री बगदत मुसिन और Samruk-Kazyna, जेएससी के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष नुरलान झाकुपोव ने हस्ताक्षर किए।
संगठनों के लिए महत्वपूर्ण डेटा संग्रहीत करने और एप्लिकेशन संचालित करने के लिए डेटा केंद्र आवश्यक हैं। मध्य एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था कजाकिस्तान, कंप्यूटिंग संसाधनों की बढ़ती मांग, प्रगतिशील सरकारी नीतियों और एआई प्रगति के कारण अपने डेटा सेंटर उद्योग में पर्याप्त वृद्धि देख रहा है। देश का डेटा सेंटर बाजार 2024 और 2028 के बीच 6.83 फीसदी चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ने का अनुमान है, जिसके परिणामस्वरूप बाजार की मात्रा 416.7 मिलियन डॉलर होगी।
यूएई और कजाकिस्तान के बीच समझौता सार्वजनिक और निजी संगठनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विकास के माध्यम से मजबूत और कुशल सहयोग स्थापित करने पर केंद्रित है।
समझौते में प्रासंगिक पहलों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन देने का भी प्रस्ताव है और ज्ञान के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
मोहम्मद हसन अलसुवैदी ने कहा, “यह समझौता हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने और आर्थिक उन्नति के लिए साझा दृष्टिकोण को साकार करने के लिए मिलकर काम करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कजाकिस्तान में डेटा सेंटर और एआई परियोजनाओं में नियोजित निवेश से देश के विस्तारित डिजिटल बुनियादी ढांचे को बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे व्यवसायों को डिजिटलीकरण को अपनाने और लाभ प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे।”
Samruk-Kazyna, जेएससी के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष नुरलान झाकुपोव ने कहा, “कजाकिस्तान की तकनीकी प्रगति के लिए डेटा केंद्रों की स्थापना और वृद्धि महत्वपूर्ण है। वे आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाले नवाचार की रीढ़ के रूप में कार्य करते हैं और देश को वैश्विक डिजिटल परिदृश्य में सबसे आगे ले जाते हैं। इसके अलावा डेटा केंद्रों का रणनीतिक विकास न केवल घरेलू क्षमताओं को बढ़ाता है, बल्कि विदेशी निवेश के लिए एक चुंबक के रूप में भी काम करता है, जो कजाकिस्तान को एक मजबूत तकनीकी बुनियादी ढांचे की तलाश करने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यवसायों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करता है।”
2022 के दौरान यूएई को कजाकिस्तान का निर्यात 560.34 मिलियन डॉलर था, जबकि कजाकिस्तान को यूएई का निर्यात 1.69 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया।
अनुवाद - पी मिश्र.