खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को समर्पित अबू धाबी में मेडिकल सिटी की स्थापना को मंजूरी दी

अबू धाबी, 11 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अबू धाबी के क्राउन प्रिंस और अबू धाबी कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने अबू धाबी में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए समर्पित एक विशेष मेडिकल सिटी की स्थापना को मंजूरी दे दी है। मेडिकल सिटी में बाल चिकित्सा देखभाल के लिए उत्कृष्टता केंद्र (CoE) के रूप में शेख खलीफा मेडिकल सिटी (SKMC), महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए समर्पित कॉर्निश अस्पताल, एक पुनर्वास सुविधा और महिलाओं और बच्चों के लिए एक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल होगा।

हिज हाइनेस ने इस बात पर जोर दिया कि मेडिकल सिटी के लिए योजनाएं, जो स्वास्थ्य विभाग अबू धाबी और प्योरहेल्थ द्वारा प्रस्तुत की गईं, अबू धाबी के स्वास्थ्य देखभाल पारिस्थितिकी तंत्र में एक महत्वपूर्ण वृद्धि का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो अबू धाबी के उन्नत स्वास्थ्य देखभाल बुनियादी ढांचे को बढ़ाती हैं और अग्रणी स्वास्थ्य सेवा गंतव्य के रूप में अमीरात की स्थिति को और मजबूत करती हैं।

उन्होंने एक एकीकृत और निवारक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली के रूप में उच्च गुणवत्ता विशेष सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए, जो समुदाय की बेहतर सेवा के लिए अनुसंधान क्षमताओं और आधुनिक तकनीक का लाभ उठाते हुए समुदाय की वर्तमान और भविष्य की स्वास्थ्य देखभाल आवश्यकताओं को पूरा करना जारी रखेगी।

हिज हाइनेस को बाल चिकित्सा देखभाल में उत्कृष्टता केंद्र (CoE) स्थापित करने की SKMC की योजना के बारे में जानकारी दी गई। CoE बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाएगी, जिसमें नई विशेषज्ञता से लैस 200 से अधिक डॉक्टर यूएई और दुनिया भर के मरीजों को असाधारण देखभाल प्रदान करेंगे। इन सेवाओं में ऑन्कोलॉजी, नेत्र विज्ञान, न्यूरोसर्जरी, यकृत, गुर्दे और आंत प्रत्यारोपण, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और हृदय चिकित्सा सहित 29 विशिष्टताएं शामिल हैं।

इस दौरा में अबू धाबी के स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष मंसूर इब्राहिम अल मंसूरी; अबू धाबी कार्यकारी परिषद के महासचिव सैफ सईद घोबाश; अबू धाबी स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव डॉ. नौरा खामिस अल गैथई और प्योरहेल्थ की सह-संस्थापक और समूह सीईओ शाइस्ता आसिफ भी शामिल थे।

CoE में 250 बिस्तरों की क्षमता होगी, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 10 बिस्तर और दीर्घकालिक बाल चिकित्सा स्वास्थ्य देखभाल के लिए 100 बिस्तर शामिल होंगे। केंद्र जटिल स्वास्थ्य चुनौतियों वाले बच्चों के लिए आधुनिक उपचार विकसित करने और चिकित्सीय परिणामों को बढ़ाने के लिए बच्चों के स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए भी काम करेगा।

हिज हाइनेस ने नए मेडिकल सिटी, जो प्योरहेल्थ ग्रुप का हिस्सा है, की एकीकृत सेवा प्रणाली को और बढ़ाने के लिए कॉर्निश अस्पताल की सुविधाओं को शेख खलीफा मेडिकल सिटी के आसपास स्थानांतरित करने की योजना को मंजूरी दी। 2027 में खुलने वाला नया अस्पताल 205 बिस्तरों की पेशकश करेगा, जिसमें 90 बच्चों के लिए समर्पित और 15 प्रसूति वार्ड होंगे। 120 से अधिक डॉक्टरों और 460 नर्सिंग और मिडवाइफरी विशेषज्ञों की इसकी टीम प्रसूति एवं स्त्री रोग, प्रजनन और सहायक प्रजनन सेवाओं और महिलाओं के मानसिक और सामान्य स्वास्थ्य में विशेष देखभाल प्रदान करेगी।

इसके अलावा मेडिकल सिटी सलमा चिल्ड्रन रिहैबिलिटेशन हॉस्पिटल के साथ महिलाओं और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए एक केंद्र भी होगा।

अनुवाद - पी मिश्र.