हमदान बिन मोहम्मद ने एक छत के नीचे 54 आवासीय सेवाएं प्रदान करने के लिए 'दुबई इंटीग्रेटेड हाउसिंग सेंटर' लॉन्च किया

दुबई, 16 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के निर्देशों के तहत दुबई के क्राउन प्रिंस, दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष और विकास व नागरिक मामलों के लिए दुबई की उच्च समिति के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने 'दुबई इंटीग्रेटेड हाउसिंग सेंटर' लॉन्च किया, जिसका उद्देश्य नागरिकों को एक ही छत के नीचे 54 आवासीय सेवाएं प्रदान करना है।

सेंटर की स्थापना हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद के निर्देशों के अनुरूप है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आवासीय पड़ोस नागरिकों को दुनिया का उच्चतम जीवन स्तर प्रदान करें। यह हाल ही में लॉन्च किए गए दुबई सोशल एजेंडा 33 के अनुरूप भी है, जिसमें 'फैमिली: द फाउन्डेशन ऑफ आवर नेशन' की थीम पर प्रकाश डाला गया है।

नाद अल शेबा में एवेन्यू मॉल में स्थित सेंटर फरवरी में परिचालन शुरू करने वाला है। यह चार सरकारी विभागों और दो निजी क्षेत्र के भागीदारों से सेवाएं प्रदान करेगा।

शेख हमदान बिन मोहम्मद ने कहा कि दुबई सरकार अपने नागरिकों की खुशी और भलाई को उच्च प्राथमिकता देती है। यह प्रतिबद्धता काम, जीवन, कल्याण और आवास के संदर्भ में नागरिकों की आकांक्षाओं को संबोधित करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम और पहल शुरू करने के हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के दृष्टिकोण और निर्देशों को दर्शाती है। हिज हाइनेस ने कहा कि ये पहल पारिवारिक और सामाजिक स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए डिजाइन की गई हैं, जो देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

शेख हमदान की टिप्पणी सेंटर की उनकी यात्रा के दौरान आई, जहां उनका स्वागत दुबई के इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरी नियोजन और कल्याण स्तंभ के कमिश्नर जनरल और दुबई में शहरी नियोजन की सर्वोच्च समिति के अध्यक्ष मटर अल टायर; दुबई भूमि विभाग के महानिदेशक सुल्तान बुट्टी बिन मेजरेन और मोहम्मद बिन राशिद हाउसिंग एस्टेब्लिशमेंट के सीईओ उमर हमद अब्दुल्ला हमद बू शेहाब ने किया।

उन्होंने कहा, “हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद द्वारा लॉन्च किए गए और 'फैमिली: द फाउन्डेशन ऑफ आवर नेशन' विषय पर केंद्रित दुबई सोशल एजेंडा 33 के रूप में हमने दुबई इंटीग्रेटेड हाउसिंग सेंटर की स्थापना की है। यूएई के नागरिकों को एक सुव्यवस्थित और परेशानी मुक्त घर-निर्माण अनुभव प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया केंद्र चार सरकारी संस्थाओं और दो निजी क्षेत्र के भागीदारों के संसाधनों को एक छत के नीचे एक साथ लाते हुए 54 सेवाएं प्रदान करेगा।”

उन्होंने कहा कि सेंटर व्यापक सहयोग प्रदान करेगा, जिसमें डिजाइन चयन के लिए परामर्श, लागत-बचत उपायों पर मार्गदर्शन और बैंकों के माध्यम से वित्तपोषण में सहायता शामिल है। लक्ष्य नागरिकों के लिए सहज, आसान और कुशल घर-निर्माण अनुभव सुनिश्चित करते हुए सुविधाजनक पहुंच के साथ एक आरामदायक वातावरण बनाना है।

सेंटर का लक्ष्य दुबई सोशल एजेंडा 33 के प्राथमिक उद्देश्य को प्राप्त करना है, जिसका लक्ष्य दुबई को आवास सेवाओं के लिए वैश्विक बेंचमार्क के रूप में स्थापित करना है। यह पहल एजेंडे के विशिष्ट लक्ष्यों में से एक के अनुरूप है, जिसमें आवेदन के एक वर्ष के भीतर प्रत्येक नए अमीराती परिवार को भूमि और आवासीय ऋण का प्रावधान सुनिश्चित किया जाता है।

दुबई इंटीग्रेटेड हाउसिंग सेंटर व्यापक आवास सेवाएं प्रदान करेगा, जिसमें परिवार के आकार के अनुरूप व्यक्तिगत डिजाइन और बजट योजना, इंटीरियर डिजाइन और रंग योजनाओं के चयन में सहायता, निर्माण और वित्तीय योजना पर परामर्श और परियोजना लागत का अनुमान शामिल होगा।

इसके अतिरिक्त सेंटर आवासीय भूमि के चयन और आवंटन सहित आवास, निर्माण और भूमि सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के साथ नागरिकों की विविध आवश्यकताओं को संबोधित करता है।

दुबई इंटीग्रेटेड हाउसिंग सेंटर के दौरे के दौरान, हिज हाइनेस ने सोभा रियल्टी द्वारा आयोजित निर्माण प्रदर्शनी का दौरा किया, जो अपने घर बनाने के इच्छुक नागरिकों के लिए डिजाइन के तत्वों को प्रदर्शित करता है।

सेंटर के माध्यम से सेवाएं प्रदान करने वाली सरकारी संस्थाओं में मोहम्मद बिन राशिद हाउसिंग एस्टैब्लिशमेंट दुबई की सड़क और परिवहन प्राधिकरण, दुबई नगर पालिका और दुबई लैंड शामिल हैं।

मटर अल टायर ने कहा कि पूर्ण रूप से विकसित केंद्र दुबई 2040 शहरी मास्टर प्लान के अनुरूप नागरिकों को व्यापक आवास सेवाएं प्रदान करने की दुबई सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दुबई नगर पालिका के महानिदेशक दाऊद अल हाजरी ने कहा कि सेंटर नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने वाली उत्कृष्ट आवास सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि यह उनके आवास और निर्माण प्रक्रियाओं को उच्च दक्षता के साथ सुविधाजनक बनाता है।

अनुवाद - पी मिश्र.