दुबई, 19 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई के सड़क और परिवहन प्राधिकरण (RTA) ने आज बिजनेस बे क्रॉसिंग पर एक नया टोल गेट (Salik) शुरू करने की घोषणा की।
RTA ने परिचालन और संगठनात्मक उद्देश्यों के लिए अल मेदान और उम्म अल शेफ सड़कों के बीच शेख जायद रोड पर अल सफा साउथ टोल गेट की स्थापना की भी घोषणा की।
यह कदम सड़क नेटवर्क, सार्वजनिक परिवहन मार्गों और सेवाओं को विकसित करने और तकनीकी सड़क व परिवहन प्रणालियों को बढ़ाने के लिए RTA की व्यापक रणनीतिक योजना के अनुरूप है। यह पहल सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने और निजी वाहनों पर निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से नीतियों को लागू करने के लिए RTA की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
ये उपाय शेख मोहम्मद बिन जायद रोड, दुबई अल ऐन रोड, रास अल खोर रोड और अल मनामा स्ट्रीट जैसे वैकल्पिक यातायात गलियारों में यातायात को फिर से रूट करके दुबई की सड़कों पर यातायात प्रवाह को सुव्यवस्थित करने के RTA के प्रयासों का हिस्सा हैं। वे निवासियों और विजिटर्स को कम भीड़-भाड़ वाले यातायात मार्गों का चयन करने के लिए प्रोत्साहित करने के अलावा इन्फिनिटी ब्रिज और अल शिंदाघा सुरंग जैसे वैकल्पिक क्रीक क्रॉसिंग का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं।
RTA की योजना के अनुसार, अल खैल रोड सुधार परियोजना के पूरा होने के साथ दोनों गेट नवंबर 2024 तक पूरी तरह से चालू हो जाएंगे।
इस परियोजना में पांच चौराहों और ब्रेडेड रैंप का निर्माण और अल खैल रोड के साथ दो प्रमुख बिंदुओं पर तेजी से यातायात समाधान की शुरूआत शामिल है। इसमें अल मेदान और अल ज़ुमुरुद सड़कों के साथ फर्स्ट अल खील रोड के सतही चौराहों को बढ़ाना भी शामिल है।
RTA के महानिदेशक और कार्यकारी निदेशक मंडल के अध्यक्ष मटर अल टायर ने कहा, "मौजूदा टोल गेटों ने दुबई में कुल यात्रा समय को सालाना 6 मिलियन घंटे कम करने में योगदान दिया, अल मकतूम और अल गढ़ौद ब्रिज पर यातायात की मात्रा में 26 फीसदी की कमी की, शेख जायद रोड और अल इत्तिहाद स्ट्रीट पर यात्रा के समय में 24 फीसदी की कमी की और बड़े पैमाने पर परिवहन उपयोगकर्ताओं की संख्या में प्रति साल 9 मिलियन सवारियों की वृद्धि हो रही है।"
बिजनेस बे क्रॉसिंग गेट जेबेल अली से शेख मोहम्मद बिन जायद और एमिरेट्स रोड की ओर यातायात को फिर से चलाने में योगदान देता है। इस डायवर्जन से अल खैल रोड पर यातायात 15 फीसदी कम होकर 2,053 वाहन प्रति घंटा हो गया है। इससे अल रेबट स्ट्रीट पर यातायात 16 फीसदी कम होकर 1,218 वाहन प्रति घंटा हो गया।
अनुवाद - एस कुमार.