SRTA व BEEAH उत्सर्जन-मुक्त गतिशीलता के लिए EV चार्जिंग बुनियादी ढांचे को तैनात करेगा

शारजाह 23 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- शारजाह सड़क और परिवहन प्राधिकरण (SRTA) शहर और तटीय क्षेत्रों सहित शारजाह अमीरात में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग बुनियादी ढांचे की तैनाती और संचालन के लिए BEEAH के साथ काम कर रहा है।

SRTA के अध्यक्ष डॉ. इंजीनियर यूसुफ खामिस मोहम्मद अलथमाने और उनके प्रतिनिधियों ने हाल ही में अवसरों और सहयोग रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए BEEAH के समूह सीईओ और उपाध्यक्ष खालिद अल हुरेमल और BEEAH मुख्यालय में BEEAH समूह के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

क्षेत्र में स्थिरता के लिए एक प्रकाशस्तंभ के रूप में शारजाह की स्थिति को आगे बढ़ाते हुए EV चार्जिंग नेटवर्क उन लोगों को सशक्त बनाएगा, जो इलेक्ट्रिक वाहनों पर स्विच करना चाहते हैं।

चार्जिंग को तेज, सुविधाजनक और जनता के लिए सुलभ बनाने के लिए सैकड़ों चार्जर पूरे अमीरात में राजमार्गों और कई जिलों के साथ रणनीतिक स्थानों पर तैनात किए जाएंगे, जो प्रमुख वाणिज्यिक और शहरी क्षेत्रों को कवर करेंगे।

चार्जर के नए नेटवर्क में फास्ट चार्जर शामिल होंगे, जो अमीरात में मौजूदा EV चार्जिंग बुनियादी ढांचे को जोड़ देगा और EV ड्राइवरों को चार्जिंग पॉइंट के बीच कम दूरी के साथ मानसिक शांति प्रदान करेगा।

विशेष साझेदारी के प्रभाव पर बात करते हुए SRTA के अध्यक्ष ने कहा, “BEEAH के सहयोग से 'इलेक्ट्रिक चार्जर्स' परियोजना एक प्रमुख पहल है जो शारजाह में नवीकरणीय और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देती है। यह सतत विकास अनुप्रयोगों में यूएई की तीव्र प्रगति के साथ जुड़ने, ग्रीन ऊर्जा का सहयोग करने और ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन में स्थिरता प्राप्त करने के लिए तंत्र को बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय रणनीतियों का पालन करने की हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।”

अलथमाने ने इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या और फास्ट चार्जर की आवश्यकता को संबोधित करने में परियोजना के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहल का उद्देश्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के उपयोग को प्रोत्साहित करना और शारजाह के उपयोगकर्ताओं की मौजूदा जरूरतों को पूरा करना है।

अध्यक्ष ने कहा कि यह परियोजना कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए प्राधिकरण की रणनीतियों के अनुरूप है, जो इलेक्ट्रिक बसों और टैक्सियों की तैनाती से शुरू होकर सार्वजनिक सेवाओं में सुधार तक फैली हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि BEEAH के साथ उत्पादक साझेदारी की बदौलत शारजाह का बुनियादी ढांचा सतत विकास परियोजनाओं के लिए पूरी तरह से सुसज्जित है, जो स्वच्छ ऊर्जा और अभिनव पर्यावरणीय समाधानों में नेतृत्व के लिए पहचाना जाता है।

SRTA और BEEAH राष्ट्रीय इलेक्ट्रिक वाहन नीति के अनुरूप शारजाह के EV चार्जर के नेटवर्क को बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं, जिसका लक्ष्य यूएई को इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक वैश्विक बाजार में बदलना और 2050 तक सड़कों पर कुल वाहनों में EV की हिस्सेदारी को 50 फीसदी तक बढ़ाना है। नेटवर्क निवासियों के लिए जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने और स्थायी, स्मार्ट शहरों को आकार देने के शारजाह के दृष्टिकोण का सहयोग करेगा।

EV परिवर्तन में भविष्य की तैयारी के महत्व को रेखांकित करते हुए BEEAH के समूह सीईओ और उपाध्यक्ष ने कहा, “हम शारजाह में उत्सर्जन-मुक्त गतिशीलता के भविष्य को आकार देने और व्यापक पैमाने पर सकारात्मक जलवायु कार्रवाई को प्रेरित करने के लिए SRTA के साथ साझेदारी करके सम्मानित महसूस कर रहे हैं। SRTA की विशेषज्ञता के साथ हम EV चार्जिंग बुनियादी ढांचे तक पहुंच बढ़ाने, पूरे अमीरात में रणनीतिक स्थानों में ड्राइवरों का सहयोग करने और EV चार्जिंग मांग और आपूर्ति के बीच अंतर को कम करने के लिए तत्पर हैं।”

शारजाह के बुनियादी ढांचे में मजबूत EV चार्जिंग नेटवर्क को एकीकृत करके हम स्थिरता में नेतृत्व की अमीरात की स्थिति को मजबूत कर रहे हैं और जलवायु-सकारात्मक, नेट-जीरो शहर के रूप में इसके भविष्य को सुरक्षित करने में मदद कर रहे हैं।

अनुवाद - पी मिश्र.