अबू धाबी, 22 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अबू धाबी के शासक के रूप में यूएई के राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एडवांस्ड टेक्नोलॉजी काउंसिल (AIATC) की स्थापना के लिए एक कानून जारी किया है।
परिषद अबू धाबी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत प्रौद्योगिकी में अनुसंधान, बुनियादी ढांचे और निवेश से संबंधित नीतियों और रणनीतियों के विकास और कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार होगी।
हिज हाइनेस ने नई परिषद के सदस्यों की नियुक्ति का एक प्रस्ताव भी जारी किया है। शासक के प्रस्ताव ने अबू धाबी के उप शासक हिज हाइनेस शेख तहनून बिन जायद अल नहयान को AIATC के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस और अबू धाबी कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान को उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया।
प्रस्ताव में खलदून खलीफा अल मुबारक, जस्सेम मोहम्मद बू अताबा अल ज़ाबी, फैसल अब्दुलअज़ीज़ अल बनाई और पेंग जिओ को AIATC के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया।
AIATC की स्थापना भविष्य की अर्थव्यवस्था के निर्माण में तकनीकी नेतृत्व के महत्व में एक मजबूत विश्वास को दर्शाती है। परिषद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अबू धाबी की स्थिति को बढ़ाने के लिए स्थानीय और वैश्विक भागीदारों के सहयोग से योजनाएं और अनुसंधान कार्यक्रम विकसित करेगी। यह अमीरात को क्षेत्र में निवेश, साझेदारी और प्रतिभा के लिए विश्व-अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करने की अबू धाबी की रणनीति का पूरक है।
AIATC की स्थापना यूएई के राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की साहसिक दृष्टि और भविष्य के क्षेत्रों के महत्व पर जोर देने वाले हिज हाइनेस के प्रज्ञ निर्देशों की अभिव्यक्ति है। परिषद हाइड्रोकार्बन अर्थव्यवस्था के निरंतर विकास और समृद्धि को बढ़ाने और सुनिश्चित करने में योगदान देगी।
अनुवाद - पी मिश्र.