काहिरा, 23 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संयुक्त अरब अमीरात ने फिलिस्तीन के संबंध में अरब लीग परिषद की एक असाधारण बैठक में भाग लिया, जो कल मिस्र के काहिरा में आयोजित की गई थी।
मिस्र में यूएई की राजदूत और अरब लीग में स्थायी प्रतिनिधि मरियम खलीफा अल काबी ने यूएई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
अरब लीग मुख्यालय में अपने स्पीच में राजदूत अल काबी ने पुष्टि किया कि यूएई गाजा पट्टी में युद्धविराम हासिल करने के लिए प्रयास जारी रखे हुए है।
अल काबी ने नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने, मानवीय सहायता बढ़ाने और व्यापक शांति समाधान की दिशा में काम करने के लिए भागीदारों के साथ सहयोग करने के लिए यूएई के समर्पण को रेखांकित किया।
अपने संबोधन के दौरान, अल काबी ने यूएई के नेतृत्व के सक्रिय रुख पर प्रकाश डाला, जो फिलिस्तीनी मुद्दे के समर्थन में कई राजनयिक और मानवीय पहल में लगा हुआ है।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूएई की गैर-स्थायी सदस्यता की सफलता पर जोर दिया, जिसके दौरान संकल्प 2712 और 2720 को अपनाया गया था।
अल काबी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि यूएई फिलिस्तीनियों के खिलाफ इजराइल की सामूहिक सजा की नीति की कड़ी निंदा करता है और उन्हें विस्थापित करने के किसी भी प्रयास को यूएई द्वारा अस्वीकार करने की बात दोहराई। उन्होंने नागरिक जीवन की सुरक्षा, गाजा निवासियों को आवश्यक राहत और चिकित्सा सहायता प्रदान करने और क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालने वाली आगे की वृद्धि को रोकने पर देश के फोकस पर जोर दिया।
अरब लीग में सदस्य देशों के स्थायी प्रतिनिधियों के स्तर पर और अरब देशों के समर्थन से फिलिस्तीन के अनुरोध पर बुलाई गई असाधारण बैठक में फिलिस्तीनी लोगों के खिलाफ इजराइली कार्रवाई पर चर्चा हुई। चर्चा अरब लीग ढांचे के भीतर समर्थित संभावित राजनीतिक, कानूनी और आर्थिक उपायों पर भी केंद्रित थीं।
बैठक में वेस्ट बैंक में बढ़ते इजराइली अपराधों, फिलिस्तीनी शरणार्थी शिविरों में बुनियादी ढांचे के व्यवस्थित विनाश, दर्जनों शहरों, गांवों और शिविरों में दैनिक छापे, सैकड़ों फिलिस्तीनी नागरिकों की हत्या और घायल होने, घरों के विध्वंस और हजारों लोगों की अमानवीय हिरासत पर प्रकाश डाला गया।
अनुवाद - पी मिश्र.