विज एयर ने इस साल अपने वैश्विक बेड़े में 35 विमान बढ़ाने की योजना बनाई है, 2030 तक 500 जेट का लक्ष्य है: सीईओ

दुबई, 25 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- हवाई यात्रा विशेषकर कम लागत वाली विमानन की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए विज एयर ने चालू साल में अपने वैश्विक बेड़े में 35 विमानों की वृद्धि करने की योजना बनाई है।

अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) के साथ एक इंटरव्यू में विज एयर के सीईओ जोजसेफ वरदी ने कहा कि कंपनी को अगले छह सालों में 300 से अधिक नए विमान प्राप्त होने की उम्मीद है, जिसका लक्ष्य 2030 तक 500 को पार करने का है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस नए बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मध्य पूर्व में विशेष रूप से यूएई में स्थित होगा।

मौजूदा समय में विज एयर के पास अबू धाबी में 12 विमान हैं और अगले चार से पांच सालों में इसे 50 तक विस्तारित करने की योजना है। 2023 में विज एयर अबू धाबी ने 3 मिलियन से अधिक यात्रियों को पहुंचाया और अगले चार से पांच सालों में 10 मिलियन तक पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि विज एयर वित्तीय साल को मजबूती से समाप्त करने के लिए तैयार है, जिसने पूर्व-कोविड स्तरों के करीब लाभप्रदता और परिचालन दक्षता हासिल कर ली है। कंपनी ने 2023 में पिछले साल की तुलना में 20 फीसदी की वृद्धि और 2020 से 50 फीसदी की वृद्धि के साथ महत्वपूर्ण वृद्धि का अनुभव किया, जिससे यह सबसे तेजी से बढ़ने वाली एयरलाइनों में से एक बन गई।

हालांकि 2024 में वरदी ने कहा कि एयरलाइन को विशेष रूप से निर्माताओं द्वारा इंजन निरीक्षण से संबंधित आपूर्ति श्रृंखला बाधाओं के कारण चुनौतियों का अनुमान है। इससे बेड़े की वृद्धि के बावजूद क्षमता विस्तार सीमित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि कंपनी के पास मौजूदा समय में लगभग 200 विमान हैं और चालू साल के दौरान लगभग 35 नए विमान वितरित किए जाएंगे, जिससे 2030 तक कंपनी में विमानों की कुल संख्या 500 से अधिक हो जाएगी।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विज एयर अबू धाबी के लिए यूएई बाजार का प्रदर्शन बहुत मजबूत था। उन्होंने उल्लेख किया कि विमानन की मांग में वृद्धि सीधे व्यापार और आर्थिक विकास से संबंधित है।

उन्होंने बताया कि यूएई में मांग में उल्लेखनीय वृद्धि के कारण 2023 में उनका कारोबार दोगुना हो गया और इस साल फिर से विकास की उम्मीद है।

अनुवाद - पी मिश्र.