ADNOC व एतिहाद रेल ने अबू धाबी शहर और अल धन्ना शहर के बीच पहली रेल यात्रा संचालित की

अबू धाबी, 25 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- उद्योग और उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्री और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के प्रबंध निदेशक और समूह सीईओ और ADNOC की कार्यकारी नेतृत्व टीम के सदस्य डॉ. सुल्तान बिन अहमद अल जाबेर एतिहाद रेल की पहली रेल यात्रा में शामिल हुए, जो अबू धाबी और अल धन्ना शहरों को जोड़ती है।

एक बार चालू होने के बाद रेल सेवा ADNOC के कर्मचारियों और ठेकेदारों को दो गंतव्यों के बीच यात्रा करने में सक्षम बनाएगी।

रेल यात्रा के बाद डॉ. अल जाबेर ने अल रुवाइस औद्योगिक शहर में ADNOC के विश्व-स्तरीय डाउनस्ट्रीम और पेट्रोकेमिकल्स हब का दौरा किया, जिसके दौरान उन्हें बोरौज 4, ADNOC रिफाइनिंग और रुवाइस एलएनजी परियोजना में रणनीतिक विकास परियोजनाओं पर अद्यतन किया गया।

डॉ. सुल्तान अहमद अल जाबेर ने कहा, “एतिहाद रेल के साथ ADNOC की साझेदारी यूएई के विकास और भविष्य की समृद्धि में योगदान देने वाले परिवहन समाधानों को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए हमारी रणनीतिक प्राथमिकताओं से पूरी तरह मेल खाती है। हमारे नेतृत्व के दूरदर्शी निर्देशों के अनुरूप और एतिहाद रेल के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख थेबा बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की देखरेख में अबू धाबी शहर और अल धन्ना शहर के बीच यात्री रेल सेवाओं के विकास का उद्देश्य यूएई के व्यापार, उद्योग, विनिर्माण, उत्पादन, लॉजिस्टिक्स और जनसंख्या के मुख्य केंद्रों को जोड़ना है। एतिहाद रेल परियोजना सिर्फ एक रेल नेटवर्क से कहीं अधिक है, यह यूएई और उसके लोगों के लाभ के लिए डीकार्बोनाइजेशन को बढ़ावा देते हुए आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण धमनी के रूप में काम करेगी।”

रेल यात्री सेवा ADNOC और एतिहाद रेल के बीच घनिष्ठ रणनीतिक साझेदारी की निरंतरता है, जिसमें सल्फर उत्पादों को पहले से ही शाह और हबशान के बीच अल रुवाइस औद्योगिक शहर में निर्यात बिंदु तक रेल द्वारा ले जाया जा रहा है, जिससे ADNOC सॉर गैस एक अग्रणी वैश्विक सल्फर निर्माता बन सके।

दोनों कंपनियों के बीच मजबूत साझेदारी पर बात करते हुए एतिहाद रेल के सीईओ शादी मलक ने कहा, "अबू धाबी शहर और अल धन्ना शहर के बीच पहली रेल यात्रा में ADNOC की कार्यकारी नेतृत्व टीम की मेजबानी करके हमें खुशी हुई और हमें ADNOC जैसे रणनीतिक भागीदार और ग्राहक होने पर गर्व है, जो देश में रेल परिवहन समाधान अपनाने वाली पहली कंपनियों में से एक थीं।”

ADNOC और एतिहाद रेल के बीच साझेदारी का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों और सेवाओं के उपयोग को अधिकतम करके आर्थिक विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और निजी क्षेत्र में यूएई के नागरिकों के लिए नौकरी के अवसर पैदा करके घरेलू अर्थव्यवस्था की लचीलापन को मजबूत करना है।

6.2 बिलियन डॉलर (एईडी22 बिलियन) बोरौज 4 विस्तार पर काम चल रहा है। ADNOC के इन-कंट्री वैल्यू प्रोग्राम का सहयोग करते हुए बोरौज 4 प्लांट, 2025 तक चालू हो जाएगा और अतिरिक्त 1.4 मिलियन टन पॉलीथीन का उत्पादन करेगा, जिससे यूएई में उत्पादित पॉलीओलेफिन की ADNOC की वार्षिक उत्पादन क्षमता 6.4 मिलियन टन तक बढ़ जाएगी।

अनुवाद - पी मिश्र.