दुबई, 28 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई के क्राउन प्रिंस और दुबई कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई में स्थापित छोटे और मध्यम आकार के उद्यमों (SME) के वैश्विक बाजारों में विस्तार में तेजी लाने के लिए एईडी500 मिलियन आवंटित करते हुए 'दुबई इंटरनेशनल ग्रोथ इनिशिएटिव' लॉन्च किया। यह पहल दुबई सरकार द्वारा अमीरात नेशनल बैंक ऑफ दुबई (Emirates NBD) के साथ साझेदारी में शुरू की गई थी।
हिज हाइनेस शेख हमदान ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में दुबई की महत्वपूर्ण भूमिका और व्यवसाय और व्यापार के लिए एक अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में इसकी अग्रणी स्थिति को रेखांकित किया।
शेख हमदान ने कहा, “उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के दृष्टिकोण से प्रेरित और अर्थव्यवस्था के आकार को दोगुना करने के लिए दुबई आर्थिक एजेंडा D33 के उद्देश्यों के साथ संरेखित दुबई इंटरनेशनल ग्रोथ इनिशिएटिव दुबई में स्थापित SME के वैश्विक विस्तार का सहयोग करेगा। छोटे और मध्यम आकार के उद्यम अमीरात की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिसमें 95 फीसदी पंजीकृत व्यवसाय शामिल हैं।”
हिज हाइनेस ने कहा, "उद्यमियों, निवेशकों और SME के लिए लगातार और मजबूत सहयोग दुबई के व्यापार-अनुकूल माहौल को दर्शाता है, जो इसे स्थानीय और वैश्विक निवेश दोनों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाता है।"
दुबई के प्रथम उप शासक, उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री हिज हाइनेस शेख मकतूम बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने कहा, “दुबई ने हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के मार्गदर्शन में व्यवसायों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई पहल शुरू की हैं। इनमें से दुबई इंटरनेशनल ग्रोथ इनिशिएटिव, जो SME को सहयोग देने के लिए एईडी500 मिलियन आवंटित करता है, दुबई की अर्थव्यवस्था के भविष्य के विकास के लिए एक रणनीतिक प्रतिबद्धता के रूप में कार्य करता है।”
हिज हाइनेस शेख मकतूम ने कहा, “D33 एजेंडा के अनुरूप SME के सतत वैश्विक विस्तार को सुविधाजनक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। ये व्यवसाय अमीरात में 60 फीसदी से अधिक कार्यबल को रोजगार देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हम इस पहल का सहयोग करने के लिए दुबई सरकार के साथ रणनीतिक साझेदारी के लिए Emirates NBD की प्रशंसा करते हैं। निजी क्षेत्र दुबई की अर्थव्यवस्था के विकास को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण भागीदार बना हुआ है।”
मालिक की राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना दुबई में स्थापित सभी SME के लिए खुली यह पहल व्यवसायों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने के लिए सशक्त बनाने के लिए डिजाइन की गई है। यह पहल अमीरात के प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगी। Emirates NBD फरवरी में वित्तपोषण कार्यक्रम पर अधिक जानकारी की घोषणा करेगा।
Emirates NBD पात्र कंपनियों को बिना किसी अतिरिक्त मार्जिन के एमिरेट्स इंटरबैंक ऑफर रेट (EIBOR) चार्ज करते हुए प्रतिस्पर्धी दरों पर वित्तपोषण प्रदान करेगा। एक संयुक्त संचालन समिति की स्थापना की जाएगी, जिसमें दुबई सरकार और Emirates NBD के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जो पहल का मार्गदर्शन करने, योग्य एसएमई का चयन करने, कार्यान्वयन की देखरेख करने और अमीरात के रणनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने में इसकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होंगे।
अनुवाद - पी मिश्र.