दुबई, 30 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- मानव अधिकार पर यूएई की स्थायी समिति (PCHR) ने मानव संसाधन और अमीरात मंत्रालय (MoHRE) के सहयोग से स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ग्लोबल फोरम ऑन माइग्रेशन एंड डेवलपमेंट (GFMD) के 14वें शिखर सम्मेलन के मौके पर "अस्थायी प्रवासी श्रमिकों के अधिकारों और लिंग संतुलन नीतियों का सहयोग करने के लिए साझेदारी को मजबूत करना" शीर्षक से एक सत्र का आयोजन किया गया।
सत्र में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए यूएई की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया, जो अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं को आकर्षित करने वाले एक अग्रणी केंद्र के रूप में देश की स्थिति और रहने और काम करने के लिए एक आदर्श गंतव्य के रूप में इसकी स्थिति को बढ़ाता है। इसमें श्रमिकों की सुरक्षा और श्रम बाजार में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न अनुभवों और नीतियों पर प्रकाश डालने का प्रयास किया गया।
जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में यूएई के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत जमाल अल मुशरख ने कार्यक्रम की शुरुआत की, जहां उन्होंने मानव अधिकारों और सम्मान की रक्षा करने वाली व्यापक और न्यायपूर्ण नीतियों को विकसित करने में विभिन्न हितधारकों के बीच सामाजिक संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
MoHRE में संचार और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के सहायक अवर सचिव शायमा अल अवधी ने कहा, “यूएई ने अपने श्रम बाजार का आकर्षण बढ़ाने, श्रमिकों की भलाई को मजबूत करने और सामाजिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए हैं। देश यूएई के सामाजिक और मानवीय रणनीतिक निर्देशों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मानकों के प्रति अपनी नैतिक प्रतिबद्धता के अनुरूप श्रम बाजार के लिए एक अग्रणी विधायी पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करके प्रतिभा को आकर्षित करने और बनाए रखने के लिए एक स्पष्ट रणनीति के तहत काम करता है।”
अल अवधी ने कहा कि यूएई आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, स्थायी और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत करने और हमारे श्रम बाजार में सर्वोत्तम कौशल को आकर्षित करने के लिए समग्र दृष्टि और महत्वाकांक्षी लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रहा है।
इस उद्देश्य से यूएई ने श्रमिकों के लिए सुरक्षा की एक व्यापक प्रणाली और एक मजबूत नियम-क़ानून वातावरण स्थापित किया है। सबसे उल्लेखनीय सुरक्षा में बेरोजगारी बीमा योजना शामिल है, जो रोजगार खोने के बाद श्रमिकों को तीन महीने के लिए अस्थायी आय प्रदान करती है।
सत्र में श्रम और श्रमिकों के अधिकारों के क्षेत्र में काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठनों से बड़ी संख्या में दर्शक एकत्र हुए।
अनुवाद - पी मिश्र.