मध्य पूर्व में हांगकांग के लिए यूएई प्रमुख व्यापारिक भागीदार: महावाणिज्य दूत

हांगकांग, 30 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- हांगकांग में यूएई के महावाणिज्यदूत शेख सऊद अली अलमुल्ला ने आर्थिक, व्यापार और सांस्कृतिक क्षेत्रों में फैले यूएई और हांगकांग के बीच असाधारण और समृद्ध संबंधों को रेखांकित किया है।

अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को दिए एक बयान में अलमुल्ला ने हाल के सालों में यूएई और हांगकांग संबंधों में पर्याप्त विकास पर जोर दिया। 2023 की पहली छमाही में व्यापार की मात्रा 7.98 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई, जो 2022 की इसी अवधि की तुलना में 8.3 फीसदी की वृद्धि दर्शाती है।

हांगकांग के लिए प्राथमिक व्यापारिक भागीदार के रूप में यूएई की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए लगातार कई सालों तक मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका क्षेत्र में शीर्ष स्थान बनाए रखते हुए अलमुल्ला ने विभिन्न समझौतों की ओर इशारा किया जो इस साझेदारी को मजबूत करते हैं।

इनमें दोहरे कराधान से बचने के समझौते, निवेश संवर्धन व संरक्षण समझौते और विमानन सेवाओं, वित्तीय बाजारों और वित्तीय प्रौद्योगिकी पर समझौते शामिल हैं।

महावाणिज्य दूत ने अक्टूबर 2021 में दुबई में हांगकांग आर्थिक और व्यापार कार्यालय के उद्घाटन की प्रशंसा की, जिससे सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।

अनुवाद - पी मिश्र.