इन्वेस्टोपिया व लंदन स्टॉक एक्सचेंज ने फिनटेक क्षेत्र में सहयोग तलाश रहे हैं

लंदन, 31 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अर्थव्यवस्था मंत्री और इन्वेस्टोपिया के अध्यक्ष अब्दुल्ला बिन तौक अल मैरिज ने लंदन स्टॉक एक्सचेंज (LSE) में बाजार समापन समारोह में भाग लिया। उन्होंने साझेदारी के अवसरों, अनुभवों के आदान-प्रदान और वित्तीय सेवाओं और अत्याधुनिक फिनटेक में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ब्रिटिश राजधानी में LSE मुख्यालय का दौरा किया।

लंदन स्टॉक एक्सचेंज की सीईओ जूलिया होगेट ने लंदन शहर के लॉर्ड मेयर माइकल मेनेली और दोनों देशों के सरकारी निकायों, निजी क्षेत्र और वित्तीय सेवा कंपनियों के कई प्रतिनिधियों की उपस्थिति में उनका स्वागत किया।

बिन तौक ने यूएई और ब्रिटेन के बीच मजबूत ऐतिहासिक संबंधों पर जोर दिया। समृद्धि और उन्नति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए दोनों नेतृत्वों की प्रतिबद्धता के आलोक में ये संबंध विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विकसित हो रहे हैं।

उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि फिनटेक और वित्तीय सेवा क्षेत्र दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग एजेंडे के प्रमुख घटक हैं।

लंदन स्टॉक एक्सचेंज की यात्रा वित्तीय बाजारों और अत्याधुनिक डिजिटल समाधानों से संबंधित गतिविधियों और व्यवसायों में सहयोग के अवसरों को मजबूत करती है। इसने इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने और विशेष रूप से नई अर्थव्यवस्था क्षेत्रों में आशाजनक संभावनाओं तक दोनों देशों में व्यापारिक समुदायों की पहुंच को सुविधाजनक बनाने के लिए एक मंच के रूप में भी काम किया।

अर्थव्यवस्था मंत्री की अध्यक्षता में यूएई के आर्थिक प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिटेन की अपनी आधिकारिक यात्रा के रूप में लंदन स्टॉक एक्सचेंज का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान, HM ट्रेजरी के सहयोग से "यूएई-ब्रिटिश फाइनेंशियल सर्विसेज: पार्टनरशिप फॉर द फ्यूचर" थीम के तहत इन्वेस्टोपिया ग्लोबल टॉक्स का एक नया संस्करण 'इन्वेस्टोपिया लंदन' आयोजित किया जाएगा।

अक्टूबर 2023 में यूएई और ब्रिटेन ने वित्तीय सेवाओं में सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक समझौता किया। इसका उद्देश्य दोनों देशों के निजी क्षेत्र, स्टार्टअप और उद्यमियों को बाजार के अवसरों तक पहुंचने और वित्तीय बाजार गतिविधियों में विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करने में सक्षम बनाना है। इनमें नई और अत्याधुनिक वित्तीय सेवाएँ, ग्रीन वित्त और बहुत कुछ शामिल हैं।

इन्वेस्टोपिया वित्त, बैंकिंग और उन्नत वित्तीय प्रौद्योगिकी जैसे नई अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में वैश्विक निवेश को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान देने के साथ यूएई और ब्रिटेन के बीच सहयोग को बढ़ावा देकर इस समझौते के परिणामों को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इन्वेस्टोपिया वैश्विक निवेश समुदाय, सरकारी संस्थाओं, व्यापारिक नेताओं, विचार नवप्रवर्तकों और विशेषज्ञों के बीच मजबूत संबंधों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इन्वेस्टोपिया शिखर सम्मेलन का तीसरा संस्करण 28 और 29 फरवरी 2024 को अबू धाबी में आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियाँ शामिल होंगी, जिनमें वैश्विक और क्षेत्रीय सरकारों, निवेशकों, निजी क्षेत्र की कंपनियों और अनुसंधान और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के बीच द्विपक्षीय बैठकें और चर्चा सत्र शामिल होंगे।

अनुवाद - पी मिश्र.