अबू धाबी, 5 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- मुबाडाला इन्वेस्टमेंट कंपनी ने आज घोषणा किया कि वह मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज (Manipal) में निवेश कर रही है। सिंगापुर मुख्यालय वाली वैश्विक निवेश कंपनी टेमासेक के पास मणिपाल में बहुमत हिस्सेदारी बनी रहेगी।
मणिपाल अपने मल्टीस्पेशलिटी और तृतीयक देखभाल नेटवर्क के माध्यम से सस्ती, उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा प्रदान करता है जो मौजूदा समय में देश भर में 30 से अधिक अस्पतालों के माध्यम से प्रति वर्ष लगभग 6 मिलियन रोगियों को सेवा प्रदान करता है। 5,000 से अधिक डॉक्टरों को रोजगार देने वाली कंपनी बिस्तरों की संख्या के हिसाब से भारत की दूसरी सबसे बड़ी अस्पताल श्रृंखला है।
मुबाडाला में लाइफ साइंसेज के प्रमुख कैमिला मैकापिली लैंगुइले ने कहा, "मणिपाल भारत के अग्रणी हेल्थकेयर नेटवर्क में से एक है, जो नैदानिक उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, अपने मजबूत रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण और कॉर्पोरेट प्रशासन के अपने त्रुटिहीन मानकों के माध्यम से खुद को अलग करता है। भारत भर में उच्च गुणवत्ता वाली अस्पताल देखभाल की बढ़ती मांग को देखते हुए हम आने वाले वर्षों में मणिपाल की विकास यात्रा का सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।"
मुबाडाला में प्रत्यक्ष निवेश के एशिया प्रमुख लुका मोलिनारी ने कहा, “हमें व्यवसाय को उसके विकास पथ के अगले चरण में आगे बढ़ाने के लिए टेमासेक, टीपीजी, डॉ. रंजन पई और मणिपाल की प्रबंधन टीम जैसे उच्च गुणवत्ता वाले भागीदारों के साथ काम करने में खुशी हो रही है। मणिपाल भारत के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे को विकसित करने में केंद्रीय भूमिका निभा रहा है और हम उनके साथ साझेदारी करने के लिए उत्साहित हैं।”
मणिपाल की स्थापना 1991 में डॉ. रंजन पई द्वारा की गई थी और यह तेजी से बेंगलुरु में अपनी जड़ों से विकसित होकर अखिल भारतीय उपस्थिति बना चुका है।
अनुवाद - पी मिश्र.