यूएई के राष्ट्रपति और जॉर्डन के किंग ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की

अम्मान, 5 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की समीक्षा करने के लिए आज जॉर्डन के महामहिम किंग अब्दुल्ला II बिन अल हुसैन से मुलाकात की।

अम्मान के बासमन पैलेस में हुई बैठक में सहयोग के नए अवसरों की खोज की गई, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से अर्थव्यवस्था, निवेश, खाद्य सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा और स्थिरता के क्षेत्र में दोनों देशों के विकास लक्ष्यों का सहयोग करना है।

हिज हाइनेस शेख मोहम्मद और महामहिम किंग अब्दुल्ला ने मध्य पूर्व और गाजा पट्टी में नई घटनाक्रम पर विशेष ध्यान देने के साथ आपसी हित के कई क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।

दोनों नेताओं ने गाजा में युद्धविराम हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार नागरिकों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने के प्रयासों को तेज करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने गाजा में बिगड़ती मानवीय स्थिति को तत्काल संबोधित करने और अंतरराष्ट्रीय मानवीय संगठनों द्वारा निभाई गई भूमिका का समर्थन करने के महत्व को भी दोहराया।

हिज हाइनेस और महामहिम ने सभी के लिए स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दो-राज्य समाधान में निहित एक न्यायसंगत और व्यापक शांति की दिशा में एक स्पष्ट राजनीतिक मार्ग स्थापित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने व्यापक क्षेत्र में संघर्ष को फैलने से रोकने के लिए कूटनीति और बातचीत की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में सामूहिक अरब प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए अपनी चल रही प्रतिबद्धता को बताया, जो सभी के लिए विकास और समृद्धि प्राप्त करने के लिए शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सहयोग को बढ़ावा देने की दोनों देशों की दीर्घकालिक नीति पर आधारित है।

महामहिम किंग अब्दुल्ला II बिन अल हुसैन ने जॉर्डन से प्रस्थान के लिए हिज हाइनेस और उनके साथ आए यूएई प्रतिनिधिमंडल के साथ एयरपोर्ट पर जाने से पहले यात्रा के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया।

अनुवाद - पी मिश्र.