एडी पोर्ट्स ग्रुप व कराची पोर्ट ट्रस्ट ने कराची बंदरगाह पर बल्क और जनरल कार्गो टर्मिनल के लिए 25-वर्षीय रियायत समझौते के माध्यम से सहयोग का विस्तार किया

अबू धाबी, 3 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- व्यापार, लॉजिस्टिक्स और उद्योग में वैश्विक लीडर एडी पोर्ट्स ग्रुप ने आज कराची बंदरगाह के संचालन की देखरेख करने वाली पाकिस्तानी संघीय सरकारी एजेंसी कराची पोर्ट ट्रस्ट (KPT) के साथ बल्क और जनरल कार्गो संचालन के लिए एक नए रियायत समझौते पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की।

25-वर्षीय रियायत समझौते की शर्तों के तहत कराची गेटवे टर्मिनल मल्टीपर्पज लिमिटेड (KGTML) एक बहुसंख्यक शेयरधारक के रूप में एडी पोर्ट्स ग्रुप और यूएई स्थित कंपनी काहिल टर्मिनल्स कराची बंदरगाह के पूर्वी घाट पर बल्क और जनरल कार्गो टर्मिनल बर्थ 11-17 का विकास, संचालन और प्रबंधन करेगी, जिससे समुद्री उद्योग में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में कराची की स्थिति और बढ़ेगी।

यह समझौता जून 2023 में कराची पोर्ट के पूर्वी घाट पर कराची गेटवे टर्मिनल लिमिटेड (KGTL) कंटेनर टर्मिनल बर्थ 6-10 के विकास, संचालन और प्रबंधन के लिए एडी पोर्ट्स ग्रुप द्वारा सुरक्षित रियायत समझौते पर आधारित है।

कंटेनर टर्मिनल के लिए 800 मीटर क्वे के अलावा यह नई रियायत संयुक्त उद्यम को कंटेनर टर्मिनल से सटे सामान्य कार्गो और थोक संचालन के लिए 1,500 मीटर अतिरिक्त क्वे दीवार प्रदान करती है और इस प्रकार कराची बंदरगाह के पूर्वी घाट का पूर्ण परिचालन नियंत्रण देती है। सामान्य कार्गो संचालन मुख्य रूप से स्टील, कागज और क्लिंकर को संभालेगा, जबकि स्वच्छ बल्क टर्मिनल अनाज और उर्वरकों पर ध्यान केंद्रित करेगा।

संयुक्त उद्यम ने पहले दो सालों में लगभग 75 मिलियन डॉलर का निवेश करने की योजना बनाई है, जिसमें अग्रिम शुल्क, पूर्व भुगतान और सुपरस्ट्रक्चर और उपकरणों में निवेश शामिल है, इसके बाद 5 वर्षों के भीतर 100 मिलियन डॉलर का निवेश किया जाएगा, जिसका उपयोग दक्षता और क्षमता को 75 फीसदी तक बढ़ाने के लिए किया जाएगा, जिससे टर्मिनल प्रति वर्ष 14 मिलियन टन तक संभाल सकेगा।

समझौते के रूप में संयुक्त उद्यम ईस्ट व्हार्फ के मौजूदा परिचालन को संभालेगा, यह सुनिश्चित करते हुए कि लेनदेन पूरा होने पर तुरंत आय में वृद्धि होगी।

विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जायोदी ने कहा, “यह समझौता यूएई और पाकिस्तान के बीच मजबूत संबंधों के विस्तार के रूप में आया है। यह वैश्विक स्तर पर व्यापार और निवेश के लिए यूएई के खुलेपन, व्यापार भागीदारों के अपने नेटवर्क का विस्तार करने और दुनिया को जोड़ने वाले व्यापार मार्गों के निर्माण को भी दर्शाता है।”

एडी पोर्ट्स ग्रुप के प्रबंध निदेशक और समूह सीईओ कैप्टन मोहम्मद जुमा अल शमीसी ने कहा, "कराची पोर्ट ट्रस्ट के साथ अपना सहयोग बढ़ाकर और यूएई के लिए प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में निवेश करके एडी पोर्ट्स ग्रुप क्षेत्र के भीतर अपनी कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि कर रहा है। हमारा लक्ष्य कराची बंदरगाह को अग्रणी बुनियादी ढांचे और नई डिजिटल समाधानों से सुसज्जित वैश्विक व्यापार के लिए एक गतिशील केंद्र में बदलना है। एडी पोर्ट्स ग्रुप हमारे प्रज्ञ नेताओं के दृष्टिकोण के साथ जुड़ा हुआ है और आर्थिक विविधीकरण को बढ़ावा देने वाली रणनीतिक साझेदारी का नेतृत्व करना जारी रखेगा।”

अनुवाद - पी मिश्र.