FTA ने कॉर्पोरेट कर जागरूकता अभियान का दूसरा चरण शुरू किया

अबू धाबी, 6 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- फेडरल टैक्स अथॉरिटी (FTA) ने व्यावसायिक क्षेत्रों में कॉर्पोरेट कर के बारे में जागरूकता बढ़ाने और करदाताओं को निरंतर ज्ञान सहायता प्रदान करने के लिए अपने व्यापक अभियान का दूसरा चरण शुरू किया है।

इस अभियान का उद्देश्य कॉर्पोरेट कर कानून का निर्बाध कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है जो जून में लागू हुआ और 1 जून 2023 को या उसके बाद शुरू होने वाले वित्तीय वर्षों पर लागू होता है।

एक प्रेस विज्ञप्ति में FTA ने बताया कि अभियान का नया चरण जो इस साल के अंत तक चलेगा, उसमें यूएई के सात अमीरातों में कई कार्यक्रम और वर्चुअल के साथ व्यक्तिगत कार्यशालाएं भी शामिल होंगी। कार्यक्रम विभिन्न विशिष्ट विषयों जैसे कानून और कॉर्पोरेट कर अनुपालन के लिए आवश्यकताओं और प्रक्रियाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगा और प्रत्येक संबंधित करदाता की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जाएगा। इसके अलावा कर योग्य व्यक्तियों के लिए जानकारी तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने और कॉर्पोरेट कर कानून को कुशलतापूर्वक और सटीक रूप से लागू करने के लिए व्यापारिक समुदाय को सहयोग और प्रोत्साहित करने के लिए नई तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

FTA महानिदेशक खालिद अली अल बुस्टानी ने जागरूकता अभियान के दूसरे चरण की पहली कार्यशाला का उद्घाटन किया जो अबू धाबी में आयोजित की गई थी। कार्यशाला विशेष रूप से छोटे और मध्यम आकार के उद्यमों (SME) क्षेत्र के लिए डिजाइन की गई थी और "कॉर्पोरेट कर कानून के तहत लघु व्यवसाय दायित्व और राहत" पर केंद्रित थी।

इस कार्यक्रम में अबू धाबी वित्त विभाग, अबू धाबी आर्थिक विकास विभाग, खलीफा फंड फॉर एंटरप्राइज डेवलपमेंट, एमिरेट्स एंटरप्रेन्योरशिप एसोसिएशन और अबू धाबी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के कई अधिकारियों के साथ ही अमीरात में FTA के प्रमुख हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला में 265 से अधिक SME की उपस्थिति और काफी बातचीत देखने को मिली।

अल बुस्टानी ने पुष्टि किया कि जागरूकता अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ यूएई कॉर्पोरेट टैक्स के निर्बाध और सटीक अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए FTA द्वारा अपनाई गई एकीकृत रणनीति का हिस्सा है, जिसे दुनिया में सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी माना जाता है। यह स्टार्टअप और छोटे व्यवसायों को सहयोग और प्रोत्साहित करने के लिए 9 फीसदी की मूल दर और एईडी 375,000 तक कर योग्य मुनाफे पर 0 फीसदी की दर लगाता है।

अल बुस्टानी ने कहा, “FTA करदाताओं को उनके कर दायित्वों को पूरा करने में सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है। FTA एक स्पष्ट प्रक्रियात्मक और विधायी ढांचा बनाकर करदाताओं के बीच स्वैच्छिक आत्म-अनुपालन को प्रोत्साहित करना चाहता है जो वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं का पालन करता है। कॉर्पोरेट टैक्स पंजीकरण अब डिजिटल कर सेवाओं के लिए EmaraTax प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से उपलब्ध है, जिसमें लेनदेन और प्रक्रियाएं स्पष्ट, सरल और तेज हैं।”

अल बुस्टानी ने इस बात पर जोर दिया कि FTA का व्यापक जागरूकता अभियान, जो पिछले साल कॉर्पोरेट टैक्स लागू करने के लिए शुरू किया गया था, के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। अभियान ने FTA और करदाताओं के बीच सीधे संबंध और जुड़ाव में सुधार किया। इसमें कॉर्पोरेट क्षेत्रों से प्रभावशाली उपस्थिति और प्रतिक्रिया मिली।

कार्यशाला के दौरान, कॉर्पोरेट कर कानून के तहत छोटे व्यवसायों को दिए गए दायित्वों और सुविधाओं पर प्रकाश डाला गया।

अनुवाद - पी मिश्र.