दुबई, 6 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई हेल्थ बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के उपाध्यक्ष हिज हाइनेस शेख मंसूर बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने आज दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में वार्षिक यूएई इंटरनेशनल डेंटल कॉन्फ्रेंस और अरब डेंटल प्रदर्शनी (AEEDC Dubai 2024) के 28वें संस्करण का उद्घाटन किया।
तीन दिवसीय सम्मेलन दंत चिकित्सा और मौखिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी अंतरराष्ट्रीय नामों को साथ लाता है।
मंसूर बिन मोहम्मद के साथ दुबई स्वास्थ्य प्राधिकरण (DHA) के महानिदेशक अवध सेगर अल केटबी; AEEDC दुबई और ग्लोबल साइंटिफिक डेंटल एलायंस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अब्दुस्सलाम अलमदानी; अंतर्राष्ट्रीय परियोजना समन्वयक और न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ डेंटिस्ट्री में डीन के विशेष सहायक एसोसिएट क्लिनिकल प्रोफेसर डॉ. हॉवर्ड लिप और वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ डेंटिस्ट्री FDI के अध्यक्ष डॉ. ग्रेगरी चैडविक; 155 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिनिधिमंडलों, संघों, वैज्ञानिक और शैक्षणिक संगठनों के सम्मानित प्रमुखों के अलावा अन्य उल्लेखनीय हस्तियां भी शामिल थीं।
शेख मंसूर ने ज्ञान और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और लोगों की सेवा करने और उनके जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए अभिनव समाधान पेश करने के उद्देश्य से साझेदारी का विस्तार करने में ऐसे सम्मेलनों और प्रदर्शनियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने व्यापक वैश्विक अपील वाले क्षेत्र-विशिष्ट सम्मेलनों और प्रदर्शनियों विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से संबंधित प्रदर्शनियों सहित प्रमुख कार्यक्रमों के आयोजन और मेजबानी के लिए एक अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में दुबई की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।
शेख मंसूर और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल ने कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी का दौरा किया।
AEEDC दुबई 2024 में मौखिक और दंत स्वास्थ्य उद्योग की 3,924 कंपनियों के 5,328 से अधिक ब्रांड शामिल हैं, जिनमें से 88 फीसदी अंतरराष्ट्रीय ख्याति के हैं। सम्मेलन में प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों, कार्यशालाओं, वैज्ञानिक पोस्टरों और अनुसंधान और केस अध्ययनों को प्रदर्शित करने वाली छात्र प्रतियोगिताओं के अलावा 155 विशेषज्ञ वक्ताओं की विशेष वार्ताएं भी शामिल हैं।
जर्मनी AEEDC दुबई 2024 में सम्माननीय अतिथि है। नई प्रौद्योगिकी और उन्नत उपचार विधियों में एक प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में देश का AEEDC दुबई में लंबे समय से स्थान रहा है। पिछले कुछ वर्षों में जर्मनी से उपस्थित लोगों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
अनुवाद - पी मिश्र.