अबू धाबी, 6 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संयुक्त अरब अमीरात ने सोमालिया क्विंट सदस्य देशों की पांचवीं बैठक की मेजबानी की जिसमें अबू धाबी में यूएई, कतर, तुर्किये, ब्रिटेन और अमेरिका के प्रतिनिधि शामिल थे।
प्रतिभागियों ने सोमालिया के राष्ट्रपति डॉ. हसन शेख मोहम्मद की भागीदारी का स्वागत किया। "अधिक समृद्ध सोमालिया के लिए एकजुट" विषय के तहत आयोजित बैठक में सोमालिया में मौजूदा स्थिति विशेष रूप से सुरक्षा, राजनीतिक और मानवीय मुद्दों की जांच की गई और दीर्घकालिक शांति, सुरक्षा, स्थिरता और विकास प्राप्त करने की दिशा में सोमालिया के प्रयासों में सहायता करने के तरीकों पर चर्चा की गई जिसमें 2024 के लिए व्यापक रणनीतिक रोड मैप के विकास पर चर्चा शामिल थी।
प्रतिभागियों ने स्थिरता प्राप्त करने के लिए सोमालिया के सुलह प्रयासों के लिए अपने सहयोग को कायम रखते हुए सोमालिया की सरकार को अपने समर्थन की पुष्टि की। इस संबंध में हॉर्न ऑफ अफ्रीका में सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ बातचीत और कूटनीति के लिए इंटरगवर्नमेंटल अथॉरिटी ऑन डेवलपमेंट (IGAD) और अफ्रीकी संघ के साथ सहयोगात्मक प्रयासों और समन्वय के महत्व को रेखांकित किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय सलाहकार परिषद और सोमालिया के राजनीतिक नेताओं द्वारा हासिल की गई प्रगति पर भी चर्चा हुई और एक राजनीतिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया गया जिसमें सोमाली नागरिकों का योगदान शामिल हो।
इसके अलावा पूर्वी अफ्रीकी समुदाय (EAC) में शामिल होने के माध्यम से क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर महत्वपूर्ण रूप से शामिल होने के सोमालिया के प्रयासों को रेखांकित किया गया।
बैठक में मजबूत आर्थिक विकास और जलवायु लचीलापन प्राप्त करने की दिशा में सोमालिया की संघीय सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जांच की गई।
बैठक के समापन पर भागीदारों ने सत्र की मेजबानी के लिए यूएई की प्रशंसा की और लंदन में सोमालिया क्विंट की छठी बैठक को फिर से बुलाने पर सहमति व्यक्त की।
अनुवाद - एस कुमार.