अबू धाबी, 7 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- एक वरिष्ठ स्विस अधिकारी के अनुसार, स्विट्जरलैंड विश्व व्यापार संगठन (WTO) में सुधारों के महत्व, व्यापार और पर्यावरणीय स्थिरता में WTO की भूमिका बढ़ाने और अगले महीने अबू धाबी में आगामी WTO के 13वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (MC13) में डिजिटल व्यापार के लिए नियम स्थापित करने पर जोर देता है।
व्यापार समझौतों के लिए संघीय परिषद के प्रतिनिधि और स्विट्जरलैंड के विदेशी आर्थिक मामलों के निदेशालय में विश्व व्यापार प्रभाग के प्रमुख राजदूत मार्कस श्लागेनहोफ ने कहा, “स्विट्जरलैंड बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली के लाभों और आवश्यकता में दृढ़ विश्वास रखता है। स्विट्जरलैंड के लिए WTO का सुधार MC13 के केंद्र में है।”
उन्होंने बर्न से एक ईमेल इंटरव्यू में अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को बताया, "ऐसा करके हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि मौजूदा WTO नियम अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण ढांचा हैं और रहेंगे।"
COP28 के बाद महत्वपूर्ण वैश्विक बैठक
दिसंबर में दुबई में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP28 के सफल आयोजन के बाद यूएई MC13 की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
अबू धाबी में 26 से 29 फरवरी 2024 को होने वाली बैठक में 164 देशों और व्यापारिक गुटों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सम्मेलन में वैश्विक व्यापार प्रणाली में प्रमुख सुधारों की मांग की जाएगी, जिसमें WTO सदस्यता का विस्तार, मजबूत विवाद समाधान तंत्र तैयार करना और डिजिटल व्यापार ढांचे को अपनाना शामिल है।
स्विस राजनयिक ने कहा कि एक कामकाजी और लागू करने योग्य विवाद निपटान तंत्र का होना महत्वपूर्ण है, जो WTO सुधारों का प्रमुख तत्व है।
राजदूत श्लागेनहोफ ने व्यापार और पर्यावरणीय स्थिरता में विश्व व्यापार संगठन की बढ़ती भूमिका की आवश्यकता पर बल दिया और तेजी से बढ़ते डिजिटल व्यापार के लिए नियम विकसित करने के महत्व को रेखांकित किया।
यूएई महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र के रूप में
स्विस अधिकारी ने कहा कि यूएई ने WTO बैठक के लिए जमीन अच्छी तरह से तैयार की है।
दूत ने कहा कि स्विट्जरलैंड यूएई को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र के रूप में देखता है, जहां कई स्विस उद्यम बाजार में काम कर रहे हैं। 2014 से प्रभावी मुक्त व्यापार समझौते से घनिष्ठ आर्थिक संबंध और मजबूत हुए हैं।
1995 से वैश्विक व्यापार मामलों में दो दशकों से अधिक के अनुभव वाले राजनयिक ने कहा, “हम अबू धाबी आने और MC13 में सकारात्मक परिणाम की दिशा में काम करने के लिए उत्सुक हैं!”
एक महत्वपूर्ण WTO बैठक MC13 का उद्देश्य आपूर्ति-श्रृंखला व्यवधान, मुद्रास्फीति, संरक्षणवाद और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का समाधान करना है।
इसके अतिरिक्त बैठक में व्यापार प्रौद्योगिकियों में निवेश बढ़ाने, अधिक स्थायी और लचीली आपूर्ति श्रृंखला को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा होगी।
11 CEPA वैश्विक व्यापार का सहयोग करते हैं
वैश्विक लॉजिस्टिक्स हब के रूप में अपनी बढ़ती महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए यूएई ने इस वैश्विक बैठक की मेजबानी करने की पहल की है। देश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में ग्लोबल साउथ की बढ़ती भागीदारी के चैंपियन के रूप में एक अधिक समावेशी वैश्विक व्यापार प्रणाली की वकालत करता है।
2021 में यूएई ने दुनिया भर के प्रमुख भागीदारों के साथ व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) बनाना शुरू किया। CEPA का लक्ष्य वस्तुओं और सेवाओं में व्यापार की बाधाओं को दूर करके, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को सरल बनाकर और आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुव्यवस्थित करके अधिक खुले, स्थायी और पारस्परिक रूप से लाभप्रद व्यापारिक संबंध स्थापित करना है।
यूएई ने भारत, इंडोनेशिया, इजराइल, तुर्किये, दक्षिण कोरिया, कंबोडिया, कोलंबिया, जॉर्जिया, मॉरीशस, कांगो-ब्रेजाविल और कोस्टा रिका जैसे 11 देशों के साथ CEPA का समापन किया है। पहले चार समझौते पहले ही लागू हो चुके हैं।
अनुवाद - एस कुमार.