दुबई, 8 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई 2024 वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट (WGS) की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है, जो भविष्य की सरकारों को आकार देने वाले उपकरणों और नीतियों के विकास की कल्पना करने के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच है।
इस वर्ष के समिट में एशियाई देशों की व्यापक भागीदारी देखी जाएगी, जो मानवता के लिए बेहतर भविष्य बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय चर्चाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं।
समिट एशियाई सरकारों के उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी करेगा और एशियाई संगठनों और संस्थानों के नेताओं और प्रमुखों की उपस्थिति का गवाह बनेगा।
WGS के पिछले संस्करणों में महत्वपूर्ण एशियाई उपस्थिति रही है। सामाजिक विकास और राज्य निर्माण में अपने महत्वपूर्ण अनुभवों के कारण जापान को 2017 में सम्मानित अतिथि के रूप में चुना गया था।
2019 में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के विशेष दूत और चीनी सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री वांग झीगांग ने समिट में भाग लिया।
समिट के पिछले संस्करणों में यूएई और दक्षिण कोरिया के बीच एक समझौता पर हस्ताक्षर भी हुए, जिसका उद्देश्य सरकारी डिजिटल परिवर्तन परियोजनाओं में तेजी लाने के उनके प्रयासों का सहयोग करना था।
कई राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों ने समिट के पिछले संस्करणों में भाग लिया है और भविष्य के लिए अपने महाद्वीपों के दृष्टिकोण प्रस्तुत किए हैं।
ये उच्च-स्तरीय भागीदारी सहयोग को बढ़ावा देने और अपने द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करने, अंतर्राष्ट्रीय स्थिरता और विकास प्राप्त करने में मदद करने और व्यावहारिक और अभिनव समाधानों के माध्यम से वर्तमान चुनौतियों का समाधान करने के लिए एशियाई देशों की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
एशियाई देशों से अंतरराष्ट्रीय व्यापार, बुनियादी ढांचे के विकास और सरकारी क्षेत्र में नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा में योगदान देने की उम्मीद की जाती है।
WGS 2024 संस्करण में छह मुख्य थीम और 15 फोरम शामिल होंगे। यह 23 से अधिक मंत्रिस्तरीय बैठकों और सम्मेलनों, 85 अंतरराष्ट्रीय, क्षेत्रीय और अंतर सरकारी संगठनों और 120 से अधिक इंटरैक्टिव सत्रों और कार्यशालाओं की मेजबानी करेगा। इसके अलावा राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों, विशेषज्ञों, विचारकों और निर्णय निर्माताओं सहित 200 प्रमुख हस्तियां इस कार्यक्रम में भाग लेंगी।
अनुवाद - पी मिश्र.