दुबई, 9 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई के वित्त मंत्रालय ने आज घोषणा किया कि वह दुबई में 12-14 फरवरी तक "शेपिंग फ्यूचर गवर्नमेंट्स" थीम के तहत वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट (WGS) 2024 में भाग लेगा।
समिट में विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, सरकार के नेता, मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, निर्णय लेने वाले, विचारक व वित्तीय, आर्थिक और सामाजिक मामलों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
वित्तीय मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद हैडी अल हुसैनी ने कहा, "एक रणनीतिक भागीदार के रूप में अपनी भूमिका के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप WGS में वित्त मंत्रालय की भागीदारी वित्तीय सशक्तिकरण, स्थिरता, भविष्य की दूरदर्शिता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संवाद, चर्चा और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ाने की उसकी उत्सुकता को दर्शाती है। यह यूएई में सरकारी कार्य प्रणाली को विकसित करने और अन्य देशों के साथ अपने सभ्यता मॉडल को साझा करने के उद्देश्य से सरकारी दृष्टिकोण और निर्देशों का सहयोग करने में इसके प्रयासों को दर्शाता है।"
उन्होंने वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट के पिछले सभी संस्करणों में मंत्रालय की गहरी भागीदारी और समिट के कार्यक्रम के सहयोग में इस तरह की भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
यह सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों के साथ मंत्रालय के संबंधों का लाभ उठाकर और विशेष सत्रों में भाग लेने के साथ इस वैश्विक कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्ट लॉन्च करके हासिल किया गया है, जिसे दुनिया भर में सरकारी कामकाज की संभावनाओं और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा करने वाले सबसे प्रमुख वैश्विक प्लेटफार्मों में से एक माना जाता है।
अल हुसैनी ने कहा, "यूएई में सरकारी वित्तीय कार्य प्रणाली को विकसित करने और दुनिया में विकास और समृद्धि को बढ़ाने के हमारे निरंतर प्रयास से प्रेरित होकर हम समिट के मेहमानों के साथ सर्वोत्तम अग्रणी और अभिनव वित्तीय मॉडल पर चर्चा करते हैं जो स्थिरता को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र और दुनिया के लोगों के कल्याण का समर्थन करते हैं। व्यापक आर्थिक विकास का आधार बनने वाले वित्तीय विषयों के समर्थन में उनके महत्व को देखते हुए हम अपने भागीदारों के साथ संचार के चैनल बनाना जारी रखेंगे।"
आठवां अरब राजकोषीय मंच
वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट शुरू होने से पहले वित्त मंत्रालय 11 फरवरी 2024 को अरब मुद्रा कोष और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के सहयोग से 8वें अरब राजकोषीय मंच का आयोजन करेगा।
सरकारों को सशक्त बनाना और सतत वित्तपोषण
यूएई के वित्त मंत्रालय की भागीदारी में साझेदारी और सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें होंगी।
वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट के दौरान, वित्त मंत्रालय सबसे प्रमुख वैश्विक वित्तीय रुझानों पर चर्चा करने और सरकारी कार्य प्रणाली को विकसित करने और एक स्थायी अर्थव्यवस्था के निर्माण के देश के दृष्टिकोण में योगदान देने के लिए इस क्षेत्र में अनुभवों और सरकारी प्रथाओं का आदान-प्रदान करने के लिए कई विशेष संवाद सत्र आयोजित करेगा।
WGS में मंत्रालय की भागीदारी के पहले दिन अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की 'ग्रीन भविष्य के लिए वित्तीय क्षेत्रों की तैयारी' शीर्षक वाली रिपोर्ट लॉन्च करने के लिए एक संवाददाता सम्मेलन भी होगा।
आर्थिक और तकनीकी चुनौतियों का समाधान
समिट के दूसरे दिन के दौरान, यूएई का वित्त मंत्रालय अरब मुद्रा कोष के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय कराधान पर एक सार्वजनिक चर्चा करेगा।
आधार क्षरण और लाभ स्थानांतरण से निपटने, स्थानीय राजस्व जुटाने और सतत विकास लक्ष्यों के लिए BEPS परियोजना के सिद्धांतों को लागू करने के तंत्र पर भी चर्चा होगी।
सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के 4,000 से अधिक प्रतिभागी 110 इंटरैक्टिव सत्रों में भाग लेंगे, जिसमें संयुक्त राष्ट्र, विश्व बैंक, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व स्वास्थ्य संगठन, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी और अरब लीग सहित 80 अंतर्राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और अंतर सरकारी संगठनों के 200 वक्ता शामिल होंगे।
अनुवाद - पी मिश्र.