दुबई, 8 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अरब मंत्रियों और सरकारी प्रतिनिधिमंडलों से वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट (WGS) के 11वें संस्करण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है जो 12-14 फरवरी 2024 के बीच दुबई में होगा।
वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट 2024 में अरब देशों के 100 से अधिक मंत्री भाग लेंगे, जिनमें वित्त मंत्री, युवा और खेल मंत्री, उद्योग व उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्री और संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री साथ ही सरकार के विकास मंत्री भी शामिल होंगे। अरब देशों, सरकारों, संगठनों और कंपनियों की बढ़ती भागीदारी इस महत्वपूर्ण वैश्विक आयोजन में उनकी बढ़ती रुचि को रेखांकित करती है, जो भविष्य को आकार देने के लिए सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्मों में से एक बन गया है।
समिट के मुख्य सत्र में भाग लेने वाले अरब मंत्रियों में बहरीन के वित्त और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था मंत्री शेख सलमान बिन खलीफा अल खलीफा; मिस्र के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी (MCIT) मंत्री डॉ. अमर तलत; जॉर्डन के डिजिटल अर्थव्यवस्था और उद्यमिता मंत्री अहमद अल हनांडेह; मोरक्को के उद्योग और व्यापार मंत्री रयाद मेजौर; मिस्र के उद्योग और व्यापार मंत्री अहमद समीर सालेह; बहरीन के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. जलीला बिन्त अल-सईद जवाद हसन; सऊदी अरब के वित्त मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल्ला अल जादान; मोरक्को की अर्थव्यवस्था और वित्त मंत्री नादिया फत्ताह अल अलावी; इराक के वित्त मंत्री तैफ शमी मोहम्मद; सोमालिया की संघीय सरकार के वित्त मंत्री बिही इमान एगेह; जॉर्डन के वित्त मंत्री डॉ. मोहम्मद महमूद अल-असस; कुवैत के वित्त राज्य मंत्री फहद अब्दुलअजीज अलजरल्लाह; मिस्र के वित्त मंत्री डॉ. मोहम्मद मैत; कतर के वित्त मंत्री अली अल कुवारी; लेबनान के वित्त मंत्री यूसुफ एल खलील; ट्यूनीशियाई वित्त मंत्री सिहेम बौघदिरी नेम्सिया; मॉरिटानिया के वित्त मंत्री इस्सेल्मौ औलद मोहम्मद एम'बादी; अरब लीग के महासचिव अहमद अबुल घीत और खाड़ी सहयोग परिषद के महासचिव जसीम मोहम्मद अलबुदैवी शामिल हैं।
अरब मंत्रियों की भागीदारी समिट के एजेंडे के तहत बुलाई गई मंत्रिस्तरीय बैठकों और मंचों तक फैली हुई है, जिसमें 15 मंचों और कार्यशालाओं के साथ 23 मंत्रिस्तरीय बैठकें और सम्मेलन शामिल हैं।
मंत्रिस्तरीय बैठकों में अरब वित्त मंत्रियों की बैठक; ऊर्जा मंत्रियों की बैठक; न्याय मंत्रियों के लिए एक बैठक; अरब सरकार प्रशासन फोरम के दौरान सरकारी विकास मंत्रियों के लिए एक बैठक के साथ अरब युवाओं और खेल मंत्रियों के लिए एक बैठक शामिल है।
अपनी शुरुआत के बाद से वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय रूप से सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा दिया है, सरकार के संचालन और सेवा वितरण दोनों को नया आकार दिया है और भविष्य के लिए इसकी तैयारी को बढ़ाया है। यह भाग लेने वाली सरकारों और मंत्रियों के लिए ज्ञान और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच का प्रतिनिधित्व करता है, जो उन्हें अपने विकासात्मक उद्देश्यों को बेहतर ढंग से पूरा करने में सक्षम बनाता है।
2024 समिट विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने, अरब युवाओं को सशक्त बनाने और भविष्य के अवसरों के लिए मार्ग प्रशस्त करने पर केंद्रित है। इस वर्ष के समिट में अरब अधिकारियों और प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी में सरकारी नीति विकास, अर्थव्यवस्था और व्यापार, शहरी विकास और पर्यावरण के साथ प्रौद्योगिकी और एआई और क्षेत्र और दुनिया दोनों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा शामिल है।
अनुवाद - एस कुमार.