दुबई, 14 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में मध्य पूर्व और मध्य एशिया विभाग के निदेशक जिहाद अजोर ने हाल के वर्षों में यूएई के मजबूत आर्थिक प्रदर्शन की पुष्टि की और वैश्विक चुनौतियों के असाधारण प्रबंधन पर प्रकाश डाला।
वर्ल्ड गवर्नमेंट्स समिट (WGS) में अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को दिए बयान में अजोर ने कहा, "यूएई की अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है, जिसने क्षेत्र की अन्य अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में 4 फीसदी से अधिक की सर्वोत्तम विकास दर हासिल की है।"
उन्होंने यूएई के गैर-तेल क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन पर जोर दिया, जिसने देश की आर्थिक लचीलापन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अजोर ने बताया कि यूएई की आर्थिक विविधीकरण रणनीति ने निजी क्षेत्र की दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
WGS वार्ता के महत्व पर बोलते हुए अजोर ने इस आयोजन के साथ IMF की रणनीतिक साझेदारी को रेखांकित किया। उन्होंने अरब मुद्रा कोष के सहयोग से आयोजित "वार्षिक अरब राजकोषीय फोरम" का उल्लेख किया, जहां अरब वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों के बीच क्षेत्र में वित्तीय और आर्थिक संभावनाओं पर चर्चा होती है।
अजोर ने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस वर्ष का WGS जलवायु वित्त, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर केंद्रित है। इसके अतिरिक्त उन्होंने समिट की गतिविधियों के रूप में फंड द्वारा कई अध्ययनों की शुरुआत का भी उल्लेख किया।
मध्य पूर्व क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के लिए अपने दृष्टिकोण के संबंध में अजोर ने भू-राजनीतिक तनाव और तेल उत्पादन में अस्थायी कटौती के कारण 2024 के लिए पूर्वानुमानों में 0.5 फीसदी अंक की गिरावट देखी।
IMF को उम्मीद है कि 2024 में मध्य पूर्व और मध्य एशिया की अर्थव्यवस्थाओं में 2.9 फीसदी की वृद्धि होगी, जो 2025 में बढ़कर 4.2 फीसदी हो जाएगी। इसके अलावा IMF ने वैश्विक आर्थिक विकास के लिए अपनी उम्मीदों को 2024 में 3.1 फीसदी और 2025 में 3.2 फीसदी तक बढ़ा दिया है।
अजोर ने 2024 में क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के विविध प्रदर्शन पर प्रकाश डाला, जिसमें असमान विकास की उम्मीद है, जबकि गैर-तेल विकास मजबूत रहने का अनुमान है। उन्होंने 2024 में वैश्विक मुद्रास्फीति दर में कमी की उम्मीद के बीच सकारात्मक संकेत दिये।
अनुवाद - पी मिश्र.