अग्रणी समुदायों को तैयार करने के लिए लेसोथो यूएई के सहयोग से डिजिटल स्कूल स्थापित करेगा: शिक्षा मंत्री

दुबई, 14 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- लेसोथो में शिक्षा और प्रशिक्षण मंत्री डॉ. एनटोई रापापा ने दुबई में वर्ल्ड गवर्नमेंट्स समिट (WGS) के दौरान सरकारी विकास और कौशल निर्माण में डिजिटल परिवर्तन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा और प्रशिक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटलीकरण को अपनाने के लिए अपने देश की आकांक्षाएं व्यक्त कीं।

WGS में अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को दिए बयान में डॉ. रापापा ने शासन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल शिक्षा पर चर्चा के लिए एक अग्रणी मंच के रूप में समिट की प्रशंसा की। उन्होंने खुलासा किया कि लेसोथो ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सुरक्षा, पहुंच, निगरानी और सुरक्षा आश्वासन पर ध्यान केंद्रित करते हुए डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में यूएई के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।

डॉ. रापापा ने डिजिटल शिक्षा का सहयोग करने के लिए यूएई के साथ हाल ही में एक समझौता पर हस्ताक्षर करने का उल्लेख किया। इस सहयोग में लेसोथो में डिजिटल स्कूल स्थापित करना शामिल होगा, जो डिजिटल युग के लिए समुदायों को सशक्त और सुसज्जित करने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मंत्री ने स्वीकार किया कि लेसोथो को अपने डिजिटल शिक्षा लक्ष्यों को प्राप्त करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में देश के 1,480 प्राथमिक विद्यालयों में से केवल 5 फीसदी के पास डिजिटल शिक्षा सुविधाओं तक पहुंच है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद व्यक्त करते हुए कहा कि लेसोथो इस अंतर को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. रापापा ने सरकारी आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

अनुवाद - पी मिश्र.