अबू धाबी, 15 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- विकास और प्रौद्योगिकी के लिए पोलिश उप मंत्री जसेक टॉमज़ाक ने अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को बताया कि पोलैंड को उम्मीद है कि इस महीने के अंत में अबू धाबी में विश्व व्यापार संगठन (WTO) का 13वां मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (MC13) अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंधों में विश्वास के पुनर्निर्माण में मदद करेगा।
उन्होंने वारसॉ से एक ईमेल इंटरव्यू में कहा, “अब हमारे सामने सबसे महत्वपूर्ण चुनौती अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंधों में विश्वास का पुनर्निर्माण करना है। इसकी कुंजी विवाद निपटान प्रणाली (DSB) के प्रभावी कामकाज की बहाली सहित WTO में सुधार होंगे।
उन्होंने ये टिप्पणी इसलिए की क्योंकि MC13 का लक्ष्य वैश्विक व्यापार प्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार करना है, जिसमें WTO सदस्यता का विस्तार करने से लेकर विवाद समाधान तंत्र को मजबूत करने और डिजिटल व्यापार ढांचे को अपनाने तक शामिल है।
टॉमज़ाक ने सुझाव दिया कि WTO सुधारों को प्रक्रियात्मक मुद्दों तक सीमित रखने के बजाय, वास्तविक मुद्दों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने व्यापक सहमति के रूप में निषिद्ध सब्सिडी के उपयोग को सीमित करने के लिए नियम बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का हवाला दिया, जो सभी पक्षों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करेगा।
उप मंत्री ने आग्रह किया कि WTO को अपने निगरानी और विचार-विमर्श कार्य के साथ प्रमुख मामलों पर नए और अद्यतन नियम विकसित करने के लिए बातचीत मंच के रूप में अपनी भूमिका को मजबूत करना चाहिए।
यूएई की अग्रणी भूमिका
दिसंबर 2023 में दुबई में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP28 के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद यूएई 26 से 29 फरवरी 2024 तक अबू धाबी में MC13 की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
WTO की मंत्रिस्तरीय बैठक में 164 देशों और व्यापारिक गुटों के प्रतिनिधि बुलाए जाएंगे।
पोलिश अधिकारी ने जोर देकर कहा कि पोलैंड अच्छे परिणाम प्राप्त करने के लिए पूरे सम्मेलन के दौरान यूएई के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है।
प्रमुख मुद्दों को संबोधित करने के लिए MC13
WTO मंत्रिस्तरीय बैठक का उद्देश्य आपूर्ति-श्रृंखला व्यवधान, मुद्रास्फीति, संरक्षणवाद और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का समाधान करना भी है। इसके अलावा MC13 स्थायी और लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए व्यापार प्रौद्योगिकियों में निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों का पता लगाएगा।
उस एजेंडे के बारे में बात करते हुए पोलिश उप मंत्री ने जोर देकर कहा कि पोलैंड सम्मेलन में चर्चा में पर्यावरण और जलवायु मुद्दों का पुरजोर समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय व्यापार जलवायु परिवर्तन को कम करने में सकारात्मक भूमिका निभा सकता है।
टॉमज़ाक ने कहा कि मत्स्य पालन सब्सिडी, खाद्य सुरक्षा, ई-कॉमर्स और व्यापार विकास के लिए निवेश की सुविधा अन्य महत्वपूर्ण विषय हैं।
पोलिश-यूएई संबंध
पोलिश अधिकारी ने कहा कि पोलैंड ने पिछले तीन वर्षों के दौरान यूएई के साथ व्यापार और निवेश में अपना सहयोग बढ़ाया है।
"हम विशेष रूप से निवेश, वित्त, नवीकरणीय ऊर्जा और उन्नत प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में इस सहयोग को और विकसित करने की उम्मीद कर रहे हैं।"
टॉमज़ाक ने कहा कि 2023 में दो बार, पहले मार्च में और बाद में COP28 के दौरान, पोलिश राष्ट्रपति की यूएई की यात्रा सहित दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय यात्राओं ने संबंधों को मजबूत करने में मदद की।
"MC13 पोलैंड, यूएई और हमारे अन्य भागीदारों के लाभ के लिए यूएई और अन्य के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय चर्चा का अवसर लाएगा।"
उन्होंने कहा कि प्रमुख देशों के साथ यूएई के व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) वैश्विक भागीदारों के साथ मुक्त व्यापार नेटवर्क बनाने के उसके महत्वाकांक्षी लक्ष्यों का सबसे अच्छा उदाहरण हैं।
अनुवाद - एस कुमार.