अबू धाबी, 22 फरवरी 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई 26 से 29 फरवरी, 2024 के बीच अबू धाबी में विश्व व्यापार संगठन (WTO) के 13वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (MC13) की मेजबानी के लिए तैयारी कर रहा है।
यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को नियंत्रित करने वाले नियमों और विनियमों पर चर्चा के लिए दुनिया भर के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को एक साथ लाता है।
175 सदस्य देशों, निजी क्षेत्र के नेताओं, गैर सरकारी संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों का जमावड़ा वैश्विक समुदाय को अधिक कुशल, स्थायी और समावेशी व्यापार प्रणाली को आगे बढ़ाने की दिशा में मिलकर काम करने की अनुमति देगा।
मंत्रिस्तरीय सम्मेलन WTO का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय है और सदस्य देशों के लिए व्यापार चुनौतियों का समाधान करने, व्यापार नियमों को परिष्कृत करने और वैश्विक व्यापार नीति के लिए एजेंडा निर्धारित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है।
13वां मंत्रिस्तरीय सम्मेलन जून 2022 में जिनेवा में आयोजित MC12 के दौरान हासिल की गई प्रगति पर आधारित है, जिसने मत्स्य पालन सब्सिडी, खाद्य असुरक्षा और ई-कॉमर्स पर महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं। फोकस क्षेत्रों में वैश्विक व्यापार प्रणाली, बौद्धिक संपदा और WTO के विवाद समाधान तंत्र तक पहुंचने के लिए विकासशील देशों और अल्प विकसित देशों (LDC) की क्षमता में सुधार करना शामिल होगा।
यह मंच साइड इवेंट की एक श्रृंखला के माध्यम से व्यापार नीतियों और कार्यक्रमों की प्रभावशीलता को बढ़ाने के लिए गैर-सरकारी संगठनों, निजी क्षेत्र और नागरिक समाज के साथ अधिक सहयोग और साझेदारी का पता लगाने का अवसर भी प्रदान करेगा।
विदेश व्यापार राज्य मंत्री और MC13 के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल जायोदी ने आगामी सम्मेलन के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, नौकरियाँ पैदा करने और जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए एक मजबूत और समावेशी बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली आवश्यक है। हम अबू धाबी में सभी MC13 प्रतिभागियों का स्वागत करने और व्यापार के भविष्य पर सकारात्मक, सहयोगात्मक चर्चा के लिए अनुकूल मंच प्रदान करने के लिए तत्पर हैं।”
ADDED के अध्यक्ष अहमद जसीम अल ज़ाबी ने कहा, “हम गंभीर मुद्दों से निपटने और वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों के लिए नई समाधान तैयार करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय व्यापार लीडर्स और आकार देने वालों का स्वागत करने के लिए तत्पर हैं। अबू धाबी द्वारा विश्व व्यापार संगठन (WTO) के 13वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (MC13) की मेजबानी एक वैश्विक केंद्र के रूप में इसकी साख को रेखांकित करती है।”
1995 में गठित WTO एक अंतर्राष्ट्रीय निकाय है जो अंतर्राष्ट्रीय व्यापार नियमों की निगरानी करता है। इसके द्विवार्षिक मंत्रिस्तरीय सम्मेलन को इसका सर्वोच्च निर्णय लेने वाला मंच माना जाता है, जो वैश्विक व्यापार प्रणाली को आकार देने वाले नियमों की समीक्षा और अद्यतन करने के लिए सभी सदस्य देशों के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को लाता है।
अनुवाद - पी मिश्र.