यूएई और केन्या ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते की शर्तों को अंतिम रूप दिया

अबू धाबी, 23 फरवरी 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संयुक्त अरब अमीरात और केन्या ने एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत संपन्न की है, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी जो महत्वपूर्ण पूर्व और पश्चिम आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करेगा, प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देगा और दोनों पक्षों के व्यवसायों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाएगा।

CEPA का लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा, यात्रा व पर्यटन, बुनियादी ढांचे और ICT जैसे उच्च क्षमता वाले क्षेत्रों में निवेश प्रवाह में तेजी लाने पर महत्वपूर्ण सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और यह दोनों पक्षों में SME सहयोग व विस्तार के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जायोदी ने कहा, “यूएई-केन्या व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता हमारे CEPA कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह अफ्रीकी महाद्वीप के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और हमारे दोनों देशों में व्यवसायों और निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा करने की हमारी प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है।”

“यूएई-केन्या CEPA न केवल व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगा, बल्कि कृषि, प्रौद्योगिकी और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार और सतत विकास को भी बढ़ावा देगा।”

केन्या के निवेश, व्यापार और उद्योग के कैबिनेट सचिव रेबेका मियानो ने कहा, "केन्याई नेतृत्व ने व्यापार को आर्थिक विकास और परिवर्तन के प्रमुख लीवर के रूप में पहचाना है। हम एक राष्ट्रीय विकास पथ पर हैं जो औद्योगिक उत्पादन को बढ़ाने, उस उत्पादन की गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने और इसके निर्यात के अवसरों का विस्तार करने का प्रयास कर रहा है।”

"यूएई के साथ व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता इन प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे हमारे निर्यात एशिया और मध्य पूर्व के महत्वपूर्ण बाजारों तक पहुंच सकेंगे और निवेश प्रवाह को भी बढ़ावा मिलेगा जो हमारी राष्ट्रीय क्षमताओं को और विकसित करेगा। हम इसके कार्यान्वयन और इससे मिलने वाले पारस्परिक लाभ की उम्मीद करते हैं।''

अफ्रीका की सबसे आशाजनक अर्थव्यवस्थाओं में से एक केन्या की अर्थव्यवस्था में वास्तविक GDP वृद्धि 2022 में 4.8 फीसदी से बढ़कर 2023 में अनुमानित 5 फीसदी हो गई, जबकि अनुमान है कि 2024 में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद 4.5 फीसदी से 5.2 फीसदी के बीच बढ़ेगा।

विदेशी व्यापार यूएई के आर्थिक एजेंडे की आधारशिला बना हुआ है। 2023 में यूएई का माल में गैर-तेल व्यापार 710 बिलियन डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया, जो 2022 में 12.6 फीसदी की वृद्धि और 2021 की तुलना में 34.7 फीसदी अधिक है।

अनुवाद - पी मिश्र.