अबू धाबी, 28 फरवरी 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई के अर्थव्यवस्था मंत्रालय ने क्रिसेंट एंटरप्राइजेज और गल्फटेनर के सहयोग से अबू धाबी राष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र में विश्व व्यापार संगठन (WTO) के 13वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (MC13) के दौरान "व्यापार 2050: एक निजी क्षेत्र का परिप्रेक्ष्य" शीर्षक से एक रिपोर्ट लॉन्च की।
रिपोर्ट की घोषणा WTO पर संसदीय सम्मेलन के वार्षिक सत्र में विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जायोदी द्वारा की गई थी।
डॉ. अल जायोदी ने कहा, "यूएई का इतिहास व्यापार द्वारा आकार दिया गया है और हम इसके भविष्य को आकार देने में मदद करने के इच्छुक हैं। जैसे-जैसे नई प्रौद्योगिकियां उभर रही हैं और अर्थव्यवस्थाएं अधिक स्थायी और पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार बनने की कोशिश कर रही हैं, वैश्विक व्यापार प्रणाली को विनिमय के नए रूपों को पूरा करने के लिए लगातार विकसित होना चाहिए। यह महत्वपूर्ण है कि हम वैश्विक व्यापारिक समुदाय में हमेशा आपूर्ति श्रृंखलाओं को प्रभावित करने वाली ताकतों का अनुमान लगाएं।”
यूएई मुख्यालय वाली बहुराष्ट्रीय विविध व्यवसाय क्रिसेंट एंटरप्राइजेज के सीईओ बद्र जाफर ने 26 फरवरी को WTO के MC13 के सेरेमोनियल गाला डिनर में रिपोर्ट के कुछ मुख्य निष्कर्षों का खुलासा किया।
दुनिया भर के व्यापार मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई स्थानीय और संघीय संस्थाओं और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए जाफ़र ने आने वाले वर्षों में होने वाले तीव्र तकनीकी, सामाजिक आर्थिक, राजनीतिक और पर्यावरणीय परिवर्तनों से निपटने के लिए सार्वजनिक, निजी और नागरिक क्षेत्रों के बीच संयुक्त प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।
जाफ़र ने कहा, "यूएई अपने अत्यधिक रणनीतिक स्थान, विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों के आधार पर हमारे सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों का समाधान करने और हमारे सामने आने वाले कई अवसरों का एहसास करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के अन्य सदस्यों के साथ रचनात्मक रूप से काम करने के लिए विशिष्ट रूप से तैनात है। मैं आशावादी हूं कि एक साथ काम करके हम एक अधिक समृद्ध और स्यायी भविष्य बना सकते हैं जिसमें व्यापार नए सिरे से सक्षम होगा और कोई भी पीछे नहीं रहेगा।”
यह रिपोर्ट अगले 25 वर्षों में व्यापार प्रणाली को प्रभावित करने वाली प्रत्याशित ताकतों पर एक महत्वपूर्ण चर्चा दस्तावेज़ के रूप में कार्य करती है। यह व्यापार, भू-राजनीति और वैश्विक वाणिज्य के बीच विकसित होते संबंधों पर जोर देता है, जो तेजी से तकनीकी प्रगति जैसे व्यापक मेगाट्रेंड से काफी प्रभावित है।
रिपोर्ट उभरती अर्थव्यवस्थाओं की बढ़ती प्रमुखता, प्रौद्योगिकी की परिवर्तनकारी भूमिका, सेवा व्यापार की तीव्र वृद्धि और वैश्विक व्यापार में स्थिरता के महत्व पर प्रकाश डालती है। इस रिपोर्ट का उद्देश्य संबंधित हितधारकों को संभावित जोखिमों का अनुमान लगाने, भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए आवश्यक और समय पर सामूहिक कार्रवाई करने के लिए प्रेरित करना है।
रिपोर्ट न केवल इस बात पर चर्चा करती है कि व्यापार करने के तरीके कैसे बदलेंगे, बल्कि यह भी चर्चा करती है कि व्यापार की जाने वाली वस्तुओं का विकास कैसे होगा। यह उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने, बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं को वैश्विक व्यापार में एकीकृत करने, स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध होने, SME का सहयोग करने और वैश्विक अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान को स्वीकार करने की आवश्यकता पर प्रकाश डालता है। रिपोर्ट वैश्विक व्यापार के लिए एक लचीला और स्थयी भविष्य सुनिश्चित करने के लिए सहयोग, नवाचार और समावेशी नियामक ढांचे के विकास की वकालत करती है।
अनुवाद - पी मिश्र.