यूएई ने BRICS के वित्त मंत्रियों और सेंट्रल बैंक गवर्नरों की बैठक में भाग लिया

साओ पाउलो, 28 फरवरी 2024 (डब्ल्यूएएम) -- वित्त मंत्रालय और यूएई के सेंट्रल बैंक (CBUAE) के प्रतिनिधित्व में संयुक्त अरब अमीरात ने 27 फरवरी को ब्राजील के साओ पाउलो में आयोजित पहली BRICS वित्त मंत्रियों और सेंट्रल बैंक गवर्नर्स की बैठक में भाग लिया।

यूएई प्रतिनिधिमंडल में वित्तीय मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद हैडी अल हुसैनी, CBUAE में मौद्रिक नीति और वित्तीय स्थिरता के सहायक गवर्नर इब्राहिम अल ज़ाबी, यूएई के वित्त मंत्रालय में अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संबंध क्षेत्र के सहायक अवर सचिव अली अब्दुल्ला शराफी और यूएई के वित्त मंत्रालय में अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संबंध और संगठन विभाग के निदेशक थुरया हामिद अलहशमी शामिल थे।

यूएई की भागीदारी के मौके पर बात करते हुए मोहम्मद अल हुसैनी ने BRICS समूह की रूसी अध्यक्षता के तहत 2024 की पहली बैठक के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने समूह के भीतर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए यूएई, जो व्यापार और आर्थिक विकास का एक वैश्विक केंद्र है, की आकांक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यूएई सहित छह नए देशों के शामिल होने के बाद BRICS वर्ष की शुरुआत से ही अपनी भूमिका विकसित कर रहा है। इससे BRICS को समूह के लक्ष्यों को प्राप्त करने में अपनी स्थिति बढ़ाने और सतत विकास की दिशा में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में अपनी भूमिका को मजबूत करने की दिशा में एक मजबूत प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने कहा, “हम सतत विकास नीतियों, प्रभावी वित्तपोषण समाधान और एक उन्नत डिजिटल बुनियादी ढांचे की स्थापना के लिए BRICS देशों के साथ सहयोग करते हैं। हम उभरती और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के बीच विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में सहयोग भी बढ़ाते हैं, वैश्विक स्तर पर शासन ढांचे की स्थापना करते हैं और सार्वजनिक व निजी क्षेत्रों के बीच साझेदारी में बुनियादी ढांचे के वित्तपोषण में विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करते हैं। यह अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने और स्थिरता, विकास, समृद्धि का सहयोग करने और दुनिया के देशों को लाभ पहुंचाने के लिए वित्तीय और आर्थिक नीतियों के समन्वय में योगदान देता है।”

उन्होंने कहा, "हम समूह के देशों के बीच अधिक उपयोगी सहयोग की उम्मीद करते हैं, जो हमारे समय की सबसे गंभीर चुनौतियों का सामूहिक समाधान तलाश कर अंतरराष्ट्रीय मामलों में महत्व और भूमिका बढ़ा रहे हैं।"

अल हुसैनी ने बैठक में BRICS समूह की वित्तीय ट्रैक प्राथमिकताओं की रूपरेखा के संबंध में चर्चा के महत्व को दोहराया।

यूएई BRICS समूह का एक रणनीतिक साझेदार है, जिसने जून 2023 में दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक के रूप में आयोजित फ्रेंड्स ऑफ BRICS फोरम में भाग लिया था। पांच संस्थापक देशों द्वारा सफल आवेदन की पुष्टि के बाद यूएई आधिकारिक तौर पर BRICS समूह में शामिल हो गया। अक्टूबर 2021 में यूएई भी BRICS के नए विकास बैंक में शामिल हो गया, जिसकी स्थापना 2015 में उभरते बाजारों, विकासशील देशों और BRICS देशों में बुनियादी ढांचे और सतत विकास परियोजनाओं के लिए संसाधन जुटाने के लिए की गई थी।

मोहम्मद हैडी अल हुसैनी एक गवर्नर के रूप में न्यू डेवलपमेंट बैंक के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में यूएई का प्रतिनिधित्व करते हैं और यूएई के वित्त मंत्रालय के अवर सचिव यूनिस हाजी अल खूरी एक वैकल्पिक गवर्नर के रूप में प्रतिनिधित्व करते हैं। थुरया हामिद अलहशमी बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य हैं।

अनुवाद - पी मिश्र.