ERC ने ऑपरेशन 'गैलेंट नाइट 2' के रूप में लताकिया में 300 आवास इकाइयां खोलीं

लताकिया, 29 फरवरी 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संयुक्त अरब अमीरात ने पिछले साल फरवरी में सीरिया में आए भूकंप से प्रभावित लोगों के लाभ के लिए अपनी मानवीय और विकास पहल का एक नया चरण शुरू किया है। इसमें सैकड़ों आवास इकाइयों का उद्घाटन और कई शैक्षिक, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा सुविधाओं का रखरखाव शामिल है।

अमीरात रेड क्रीसेंट (ERC) ने ऑपरेशन "गैलेंट नाइट 2" के रूप में तीन अलग-अलग स्थानों पर 300 आवास इकाइयां खोली हैं। लताकिया गवर्नरेट में भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए 1,000 आवास इकाइयों के निर्माण की परियोजना का हिस्सा बनने वाली इकाइयों से 1,500 लोगों को लाभ होगा।

ERC के कार्यवाहक महासचिव राशिद मुबारक अल मंसूरी की अध्यक्षता में ERC प्रतिनिधिमंडल ने आवास इकाइयों के उद्घाटन में भाग लिया। अल मंसूरी का स्वागत सीरिया में यूएई के राजदूत हसन अहमद अल शिही; सीरिया के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हसन मुहम्मद अल गबाश और लताकिया के गवर्नर आमेर हिलाल ने किया। गवर्नरेट के कई अधिकारी और निवासी भी उपस्थित थे।

ERC प्रतिनिधिमंडल ने एक अन्य आवास परियोजना की आधारशिला रखी जिसमें बुनियादी ढांचे सेवाओं के अलावा 500 पूर्वनिर्मित आवास इकाइयों के साथ एक स्कूल परिसर, एक वाणिज्यिक केंद्र, एक मस्जिद और एक चिकित्सा केंद्र भी शामिल होगा।

ERC प्रतिनिधिमंडल को सीरिया की अपनी यात्रा के दौरान एक राहत जहाज भी मिला, जिसमें 196 टन चिकित्सा उपकरण और आपूर्ति के साथ सरकार और चिकित्सा क्षेत्रों का सहयोग करने के लिए चिकित्सा सहायता और दवाएं ले जाने वाली कई बसें और एक विमान भी शामिल था।

ERC ने भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित राज्य में रहने की स्थिति में सुधार करने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और सेवा क्षेत्रों में अपने मानवीय कार्यक्रमों और विकास परियोजनाओं को बढ़ाया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में ERC 40 मिलियन एईडी मूल्य के उच्च गुणवत्ता वाले चिकित्सा उपकरण व आपूर्ति, 10 बसें, चिकित्सा फर्नीचर, उपभोग्य वस्तुएं व दवाएं प्रदान करके लताकिया गवर्नरेट में स्वास्थ्य क्षेत्र की दक्षता में सुधार करने के लिए उत्सुक है। इससे 9 मिलियन से अधिक लोगों की सेवा करने वाले 7 अस्पतालों को लाभ हुआ है।

शिक्षा क्षेत्र में लताकिया में 40 स्कूलों की मरम्मत और नवीनीकरण किया गया है, जिससे सभी स्तरों पर 20,000 छात्रों को लाभ हुआ है। "एजुकेशन नाइट्स" पहल में लताकिया में तिशरीन विश्वविद्यालय का रखरखाव भी शामिल था, जिसमें 277 कंप्यूटर, 204 डेस्क, दंत चिकित्सा के लिए 60 कुर्सियाँ और छह मोबाइल एक्स-रे उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिससे 30,000 छात्रों को लाभ हुआ।

राहत क्षेत्र में ERC खाद्य सहायता, चिकित्सा आपूर्ति और दवाएं प्रदान करना जारी रखता है। इस संबंध में हजारों टन ये सामग्री हवाई और समुद्री मार्ग से प्रभावित लोगों तक पहुंचाई गई है।

राशिद अल मंसूरी ने जोर देकर कहा कि ये महत्वपूर्ण परियोजनाएं और पहल सीरियाई लोगों के प्रति अपनी मानवीय जिम्मेदारी के प्रति ERC की प्रतिबद्धता और उनके रहने की स्थिति में सुधार करने और उन्हें भूकंप से उत्पन्न चुनौतियों से उबरने में सक्षम बनाने की आकांक्षाओं को प्राप्त करने की प्रतिबद्धता के ढांचे के भीतर आती हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इन परियोजनाओं के अगले चरणों का उद्घाटन होगा, जिन पर वर्तमान में कई स्थानों पर काम किया जा रहा है।

अनुवाद - पी मिश्र.