संस्कृति शिखर सम्मेलन अबू धाबी 2024 सतत विकास में संस्कृति की भूमिका को बढ़ाता है: मंत्री
अबू धाबी, 4 मार्च 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संस्कृति शिखर सम्मेलन अबू धाबी 2024 में भाग लेने वाले मोरक्को, पैराग्वे और नाइजीरिया के मंत्रियों ने अपने संबंधित समाजों के भीतर सतत विकास प्राप्त करने में संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
"ए मैटर ऑफ टाइम" थीम के तहत आयोजित शिखर सम्मेलन में सांस्कृतिक क्षेत्र के भविष्य और सकारात्मक बदलाव लाने की इसकी क्षमता का पता लगाने के लिए सांस्कृतिक नेताओं, कलाकारों और विशेषज्ञों को साथ लाया गया।
सांस्कृतिक विकास के लिए यूएई की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए मोरक्को के संस्कृति, युवा और संचार मंत्री मोहम्मद मेहदी बेन्सैद ने इस क्षेत्र में देश के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "यूएई सांस्कृतिक क्षेत्र में निवेश करने, इसे विकास के लिए एक प्रमुख स्तंभ के रूप में पहचानने, रचनात्मकता को बढ़ावा देने और युवा लोगों के बीच राष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने में अग्रणी है।"
शिखर सम्मेलन ने सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच के रूप में भी काम किया। पराग्वे की संस्कृति मंत्री एड्रियाना ऑर्टिज ने लैटिन अमेरिकी देशों की सांस्कृतिक विरासत को साझा करने के अवसर के लिए अपनी प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने कहा, "इस कार्यक्रम ने हमारे लोगों की समृद्ध विरासत और अनूठी संस्कृतियों को उजागर करने के लिए एक मंच प्रदान किया।"
अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के महत्व पर जोर देते हुए नाइजीरिया के संस्कृति और रचनात्मक अर्थव्यवस्था मंत्री हन्नातु मूसा मुसावा ने ज्ञान आदान-प्रदान की सुविधा के लिए यूएई की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "इस असाधारण शिखर सम्मेलन ने देशों को अनुभव साझा करने, सहयोग बढ़ाने और समाज में संस्कृति की भूमिका को समझने के लिए एक नया वैश्विक ढांचा स्थापित करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान किया।"
अबू धाबी संस्कृति और पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित शिखर सम्मेलन ज्ञान साझा करने और स्थायी भविष्य के लिए संस्कृति की शक्ति का दोहन करने के लिए नई दृष्टिकोणों की खोज के तीन दिनों की गहन चर्चा के बाद आज संपन्न हुआ।
अनुवाद - एस कुमार.