अहमद बिन मोहम्मद तीसरे वर्ल्ड पुलिस समिट के उद्घाटन में शामिल हुए

दुबई, 5 मार्च 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के संरक्षण में दुबई के दूसरे उप शासक हिज हाइनेस शेख अहमद बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने तीसरे वर्ल्ड पुलिस समिट के उद्घाटन में भाग लिया, जो 'एक सुरक्षित कल के लिए वैश्विक पुलिस बलों को एकजुट करना' विषय के तहत आयोजित किया जा रहा है।

दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में 3 से 7 मार्च तक दुबई पुलिस द्वारा आयोजित तीन दिवसीय समिट में 65 से अधिक देशों, 170 से अधिक वक्ताओं, 70 से अधिक सुरक्षा नेताओं और 130 प्रदर्शकों की भागीदारी है।

उद्घाटन समारोह में दुबई पुलिस के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अब्दुल्ला खलीफा अल मैरिज और दुनिया भर के पुलिस नेता, सुरक्षा विशेषज्ञ और पेशेवर भी शामिल हुए।

वर्ल्ड पुलिस समिट प्रमुख पुलिस और सुरक्षा नेताओं, वैश्विक कानून प्रवर्तन एजेंसियों और विशेषज्ञों को सहयोग और सूचना आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और क्षेत्र में नई घटनाक्रम और चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए एक साथ लाता है। समिट का उद्देश्य अपराध से निपटने और समुदायों में सुरक्षा बढ़ाने में सबसे गंभीर वैश्विक चुनौतियों का समाधान करना है।

अपने उद्घाटन भाषण में दुबई पुलिस के कमांडर-इन-चीफ ने भाग लेने वाले प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व के दृष्टिकोण से निर्देशित, दुबई और यूएई द्वारा आयोजित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय कार्यक्रम और सम्मेलन नए विचारों, रुझानों और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने को बढ़ावा देना जारी रखते हैं जो महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास को गति दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, “यूएई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के संरक्षण में समिट का उद्देश्य कार्यशालाओं और सत्रों के माध्यम से कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सामने आने वाली प्रमुख चुनौतियों का समाधान करने के लिए नए दृष्टिकोण तलाशना है। इस कार्यक्रम में आपराधिक, यातायात और सामुदायिक क्षेत्रों में 10 से अधिक पुरस्कारों का भी शुभारंभ होगा।"

दुबई को भविष्य का शहर और अवसरों की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि नवाचार और रचनात्मकता इसके लोकाचार और पहचान का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने दुबई पुलिस के ड्रोन बॉक्स के हालिया लॉन्च का उल्लेख किया, जो ड्रोन लॉन्च करने के लिए एक एआई-संचालित प्लेटफॉर्म है, जिसने रिपोर्ट की गई कुल 2,679 घटनाओं में औसत आपातकालीन प्रतिक्रिया समय को एक मिनट और 13 सेकंड तक कम कर दिया है। इस साल के मध्य तक प्लेटफॉर्म का सुरक्षा कवरेज दुबई के 50 फीसदी शहरी क्षेत्रों तक पहुंच जाएगा। दुबई पुलिस इस प्रणाली को तैनात करने वाली दुनिया की पहली पुलिस बलों में से एक है।

उन्होंने सरकार के दृष्टिकोण द्वारा बढ़ावा दिए गए नवाचार के एक उदाहरण के रूप में जल्द ही लॉन्च होने वाले फ्लोटिंग स्मार्ट पुलिस स्टेशन का हवाला दिया। अपनी तरह की पहली पहल दुबई के तट से 10 किलोमीटर दूर स्थित फ्लोटिंग स्टेशन, सात अलग-अलग भाषाओं में आपराधिक और सुरक्षा क्षेत्रों में 46 मुख्य सेवाएं प्रदान करेगा। इस सुविधा से 2030 तक 500,000 से अधिक लोगों को सेवा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने अपने मानव संसाधनों की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए दुबई पुलिस की प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की, जिसे उन्होंने उत्कृष्टता का मुख्य चालक बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कर्मचारी निष्ठा बढ़ाने के लिए काम और मानसिक और शारीरिक भलाई के बीच सही संतुलन सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।

अल मैरिज ने अमेरिका में इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस (IACP) को मई में होने वाली उसकी 131वीं वर्षगांठ के अवसर पर बधाई दी।

अल मैरिज ने दुबई में सभी सरकारी संस्थाओं और कार्यबलों को दिए गए असीमित सहयोग के लिए नेतृत्व के प्रति अपना आभार और प्रशंसा व्यक्त की।

अनुवाद - पी मिश्र.