जिनेवा, 6 मार्च 2024 (डब्ल्यूएएम) -- इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) ने जनवरी 2024 की वैश्विक यात्री मांग के आंकड़े जारी किए, जो वर्ष के लिए मजबूत शुरुआत का संकेत देते हैं। राजस्व यात्री किलोमीटर (RPK) में मापी गई कुल मांग में 16.6 फीसदी की वृद्धि हुई। उपलब्ध सीट किलोमीटर (ASK) में मापी गई कुल क्षमता में 14.1 फीसदी की वृद्धि हुई। लोड फैक्टर 79.9 फीसदी था, जो 1.7 फीसदी अंक की वृद्धि है।
अंतर्राष्ट्रीय मांग में 20.8 फीसदी की वृद्धि हुई, क्षमता में 20.9 फीसदी की वृद्धि हुई और लोड फैक्टर 79.7 फीसदी पर रहा, जिसमें कोई बदलाव नहीं हुआ। घरेलू मांग में 10.4 फीसदी की वृद्धि हुई, क्षमता में 4.6 फीसदी की वृद्धि हुई और लोड फैक्टर 80.2 फीसदी था, जो 4.2 फीसदी अंकों की वृद्धि थी।
IATA के महानिदेशक विली वॉल्श ने कहा, “आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद 2024 की मजबूत शुरुआत हो रही है। चूँकि सरकारें अब तक के सबसे व्यस्त चुनावी वर्ष में अपनी अर्थव्यवस्थाओं में समृद्धि लाना चाहती हैं, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि वे विमानन को विकास के उत्प्रेरक के रूप में देखें। बढ़े हुए कर और कठिन नियमन समृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। हम ऐसी नीतियों के लिए सरकारों की ओर देखेंगे जो विमानन को लागत कम करने, दक्षता में सुधार करने और 2050 तक नेट-जीरो CO2 उत्सर्जन की दिशा में प्रगति करने में मदद करें।”
एशिया-प्रशांत एयरलाइनों ने जनवरी 2023 की तुलना में जनवरी 2024 के यातायात में 45.4 फीसदी की वृद्धि देखी, जिससे महामारी प्रतिबंध हटने के बाद क्षेत्र की तेजी से रिकवरी जारी रही। क्षमता 48.1 फीसदी बढ़ी और लोड फैक्टर 1.5 फीसदी अंक गिरकर 82.6 फीसदी हो गया। असाधारण रूप से मजबूत विकास दर का श्रेय काफी हद तक चीन को जाता है जो जनवरी 2023 में कोविड-19 यात्रा प्रतिबंध हटाने के शुरुआती चरण में था। एशिया-प्रशांत से आने-जाने वाले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मार्गों में सुधार अभी भी धीमा है, लेकिन एशिया-मध्य पूर्व जैसे मार्ग महामारी-पूर्व के स्तर को पार कर गए हैं।
यूरोपीय वाहकों का जनवरी 2024 यातायात जनवरी 2023 की तुलना में 10.8 फीसदी बढ़ गया। क्षमता 10.7 प्रतिशत बढ़ी, और लोड फैक्टर 0.1 फीसदी अंक बढ़कर 77.3 फीसदी हो गया। यूरोप और उत्तरी अमेरिका के बीच मार्गों ने महामारी से विशेष रूप से मजबूती से वापसी की है और जनवरी 2020 की तुलना में 6.5 फीसदी अधिक है।
मध्य पूर्वी एयरलाइंस ने एक साल पहले की तुलना में जनवरी 2024 के यातायात में 16.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की। क्षमता 15.7 फीसदी बढ़ी और लोड फैक्टर 0.4 फीसदी अंक बढ़कर 79.9 फीसदी हो गया।
जनवरी 2024 में 2023 की अवधि की तुलना में उत्तर अमेरिकी वाहकों के यातायात में 12.3 फीसदी की वृद्धि हुई। क्षमता में भी 13.7 फीसदी की वृद्धि हुई और लोड फैक्टर 1.0 फीसदी गिरकर 79.4 प्रतिशत हो गया।
2023 में इसी महीने की तुलना में लैटिन अमेरिकी एयरलाइंस का ट्रैफ़िक 17.9 फीसदी बढ़ गया। जनवरी की क्षमता 13.2 फीसदी बढ़ी, जिससे लोड फैक्टर 3.4 फीसदी अंक बढ़कर 86 फीसदी हो गया, जो कि क्षेत्रों में सबसे अधिक है।
जनवरी 2024 में अफ़्रीकी एयरलाइनों के ट्रैफिक में एक साल पहले की तुलना में 18.5 फीसदी की वृद्धि देखी गई। जनवरी की क्षमता 19.2 फीसदी बढ़ी, जिससे लोड फैक्टर 0.4 फीसदी अंक गिरकर 73.3 फीसदी हो गया, जो सभी क्षेत्रों में सबसे कम है।
अनुवाद - पी मिश्र.