अबू धाबी, 20 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अबू धाबी एग्रीकल्चर एंड फूड सेफ्टी अथॉरिटी (ADAFSA) ने स्थानीय अमीराती शहद मधुमक्खी नस्ल की उच्च गुणवत्ता वाली रानी मधुमक्खियां प्रदान करके अमीराती मधुमक्खी पालकों को सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।
यह घोषणा प्रत्येक साल 20 मई को वर्ल्ड बी डे के उत्सव के साथ मेल खाती है।
पिछले मार्च में ADAFSA ने अमीराती शहद मधुमक्खी रानियों की नौवीं पीढ़ी से 2,693 रानी मधुमक्खियों का प्रजनन और उत्पादन किया। ये प्रयास अमीराती मधुमक्खी नस्ल को विकसित करने, उच्च गुणवत्ता वाले शहद का उत्पादन करने और आयातित मधुमक्खी कालोनियों पर निर्भरता को कम करने के लिए अथॉरिटी की चल रही प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं।
ADAFSA ने अपने वितरण प्रयासों को जारी रखा है, स्थानीय मधुमक्खी पालकों को 2,283 नौवीं पीढ़ी की रानियां प्रदान की हैं और प्रजनन गतिविधियाँ जारी हैं। वसंत प्रजनन मौसम (मार्च से मध्य मई 2024) के दौरान 3,000 रानियां और शरद ऋतु प्रजनन मौसम (अक्टूबर से मध्य नवंबर 2024) के दौरान अतिरिक्त 2,300 रानियां पैदा करने का लक्ष्य है। इसके परिणामस्वरूप अमीराती मधुमक्खी रानियों की नौवीं पीढ़ी से कुल 5,300 रानियों का उत्पादन होगा।
अथॉरिटी ने संकेत दिया कि 2016 से 2023 तक अमीराती मधु मक्खियों की आठ पीढ़ियों से 13,217 रानियों का उत्पादन किया गया था, जिनमें से 10,703 रानियों को देश भर में मधुमक्खी पालकों को वितरित किया गया था।
वैश्विक स्तर पर स्थानीय शहद को बढ़ावा देने के लिए अथॉरिटी ने 26 जनवरी से 8 फरवरी 2024 तक अबू धाबी में अल वाथबा हनी फेस्टिवल का आयोजन किया। शेख मंसूर बिन जायद कृषि उत्कृष्टता पुरस्कार के संयोजन में आयोजित इस महोत्सव में 60 मधुमक्खी पालकों और शहद उत्पादन में शामिल कंपनियों ने भाग लिया। इसमें विभिन्न शहद प्रतियोगिताएं और प्रतिभागियों के लिए बहुमूल्य पुरस्कार शामिल थे।
ADAFSA ने मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन पर वैज्ञानिक कार्यशालाएं और सेमिनार भी आयोजित किए। कवर किए गए विषयों में स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शहद के नमूने तैयार करने, स्थानीय प्रोपोलिस की गुणवत्ता व महत्व, अमीराती मधुमक्खी रानियों के पालन-पोषण में सर्वोत्तम अभ्यास और क्षेत्र में चुनौतियों व संभावित समाधानों पर चर्चा करने के लिए मधुमक्खी पालकों के साथ इंटरैक्टिव सत्र शामिल हैं।
अथॉरिटी ने "यूएई में मधुमक्खी और मधुमक्खी पालन" नामक एक वैज्ञानिक पुस्तक भी प्रकाशित की। यह यूएई में जंगली और प्रबंधित मधुमक्खी प्रजातियों सहित देश में मधुमक्खियों और मधुमक्खी पालन के सभी पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने वाला पहला प्रकाशन है।
अनुवाद - पी मिश्र.