IRENA परिषद की बैठक अबू धाबी में, 105 देशों के प्रतिनिधि शामिल

अबू धाबी, 13 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस द्वारा जलवायु परिवर्तन के लिए तत्काल कार्रवाई का आह्वान किए जाने के कुछ ही दिनों बाद इंटरनेशनल रिन्यूएबल एनर्जी एजेंसी (IRENA) ने अबू धाबी में अपनी 27वीं परिषद बैठक बुलाई है। दो दिवसीय बैठकों में 105 देशों के प्रतिनिधि ऊर्जा परिवर्तन के सामने आने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं।

अगले दो दिनों में IRENA के सदस्य डीकार्बोनाइजेशन और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अक्षय ऊर्जा निवेश को बढ़ाने और जोखिम कम करने, निजी क्षेत्र की संस्थाओं व उपयोगिताओं के साथ साझेदारी को मजबूत करने और ऊर्जा नियोजन के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं पर ध्यान केंद्रित करेंगे। परिषद अन्य प्रासंगिक प्रशासनिक और संस्थागत मामलों के अलावा एजेंसी के कार्य कार्यक्रम, बजट और वार्षिक रिपोर्ट की समीक्षा करने के लिए IRENA सदस्यों के बीच परामर्श और सहयोग की सुविधा भी प्रदान करेगी।

IRENA के महानिदेशक फ्रांसेस्को ला कैमरा ने कहा, "विश्व द्वारा 2023 में किसी भी पिछले साल की तुलना में अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित करने के बावजूद बढ़ते तापमान को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने के लिए अभी भी आवश्यक क्षमता का केवल आधा ही स्थापित किया जा रहा है।"

"साल 2030 तक अक्षय ऊर्जा क्षमता को तीन गुना करने के वैश्विक लक्ष्य को पूरा करने के लिए सार्वजनिक व निजी क्षेत्रों की ओर से प्रतिबद्धता और कार्रवाई में उल्लेखनीय वृद्धि आवश्यक है। IRENA प्रगति पर नज़र रखकर और COP28 में निर्धारित ऊर्जा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्यान्वयन को सुविधाजनक बनाकर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"

पिछले हफ्ते ला कैमरा ने गुटेरेस से मुलाकात की और जलवायु एजेंडे में ऊर्जा अवसंरचना को प्राथमिकता देने की महत्वपूर्ण जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को तीन गुना करने के वैश्विक लक्ष्य की दिशा में प्रगति की निगरानी में एक संरक्षक एजेंसी के रूप में IRENA की भूमिका पर भी प्रकाश डाला, जिसे COP28 प्रेसीडेंसी द्वारा सौंपा गया है और आने वाली COP29 प्रेसीडेंसी द्वारा समर्थित किया गया है।

जिम्बाब्वे के ऊर्जा एवं विद्युत विकास मंत्रालय में स्थायी सचिव तथा 27वीं IRENA परिषद की अध्यक्ष डॉ. ग्लोरिया मैगोंबो ने कहा, "IRENA का मिशन कई स्तरों पर महत्वपूर्ण है।"

“नवीकरणीय ऊर्जा आधारित ऊर्जा परिवर्तन न केवल सबसे प्रभावी जलवायु समाधान है, बल्कि यह कई देशों के समक्ष मौजूदा समय में ऊर्जा तक पहुंच की चुनौतियों का समाधान करने में भी महत्वपूर्ण है।”

WAM / संतोष कुमार