यूएई का पहला जीवित दाता बाल चिकित्सा लिवर ट्रांसप्लांट बुर्जील मेडिकल सिटी में हुआ

अबू धाबी, 10 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- एक अभूतपूर्व चिकित्सा उपलब्धि के रूप में यूएई में पहला बाल चिकित्सा लिवर ट्रांसप्लांट चार साल की एक लड़की पर किया गया है, जो देश में पहला जीवित दाता बाल चिकित्सा लिवर ट्रांसप्लांट है।

बुर्जील मेडिकल सिटी (BMC) में की गई यह ऐतिहासिक सर्जरी यूएई की उन्नत चिकित्सा क्षमताओं में एक महत्वपूर्ण छलांग है।

मरीज रजिया खान को प्रोग्रेसिव फैमिलियल इंट्राहेपेटिक कोलेस्टेसिस टाइप 3 (PFIC) नामक एक दुर्लभ आनुवंशिक लिवर रोग से पीड़ित पाया गया।

बुर्जील एब्डॉमिनल मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांट प्रोग्राम के ट्रांसप्लांट सर्जरी निदेशक, क्लिनिकल लीड HPB सर्जरी, कंसल्टेंट जनरल सर्जरी डॉ. रेहान सैफ ने कहा, “रजिया की यह स्थिति आनुवंशिक उत्परिवर्तन के कारण होती है, जिसके कारण पित्त घटकों और पित्त अम्लों के निर्माण व स्राव में असामान्यता उत्पन्न होती है, जिससे अंततः लिवर को नुकसान पहुंचता है। यह शिशु अवस्था और प्रारंभिक बाल्यावस्था में विकास विफलता और यकृत विफलता की जटिलताओं के लक्षण के रूप में प्रकट होता है। इन बच्चों के लिए एकमात्र निश्चित और उपचारात्मक उपचार लिवर ट्रांसप्लांट है।”

जांच के बाद डॉक्टरों ने सिफारिश की कि रजिया की जान बचाने के लिए लिवर ट्रांसप्लांट जरूरी है। प्रेम और कर्तव्य के नाते उसके पिता ने स्वेच्छा से डोनर बनने की पेशकश की।

डॉ. सैफ के नेतृत्व में BMC की ट्रांसप्लांट टीम ने डोनर और प्राप्तकर्ता की एक साथ सफलतापूर्वक सर्जरी की, जो 10 घंटे तक चली।

डॉ. सैफ ने कहा, "यह यूएई के चिकित्सा समुदाय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि रजिया जैसे बच्चों को विदेश जाने की आवश्यकता के बिना जीवन रक्षक उपचार मिल सके। हमें इस उपलब्धि पर गर्व है और हम भविष्य में और अधिक परिवारों की मदद करने के लिए तत्पर हैं।"

डॉक्टर के अनुसार, रजिया ने अपने जीवन रक्षक लिवर ट्रांसप्लांट से बहुत अच्छी रिकवरी की है और उसे नियमित रूप से फॉलो-अप पर रखा जाएगा। वह स्कूल जाना शुरू कर सकेगी और अपनी उम्र के किसी भी अन्य बच्चे की तरह अपने बचपन का आनंद ले सकेगी।

WAM / संतोष कुमार