RTA और दुबई पुलिस ने यातायात सुरक्षा रणनीति मेट्रिक्स, सार्वजनिक परिवहन सुरक्षा आवश्यकताओं की समीक्षा की

दुबई, 10 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- सड़क एवं परिवहन प्राधिकरण यानी (RTA) के कार्यकारी निदेशक मंडल के अध्यक्ष व महानिदेशक मटर अल टायर और दुबई पुलिस के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अब्दुल्ला खलीफा अल मैरिज ने एक समन्वय बैठक की, जिसके दौरान दोनों पक्षों ने दुबई यातायात सुरक्षा रणनीति के परिणामों और संकेतकों की समीक्षा की।

बैठक में दुबई मेट्रो की ब्लू लाइन परियोजना के लिए दुबई पुलिस की आवश्यकताओं के साथ सार्वजनिक परिवहन उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा पर भी चर्चा की गई।

बैठक के दौरान, मटर अल टायर ने RTA और दुबई पुलिस के बीच रणनीतिक साझेदारी और उत्कृष्ट संबंधों की प्रशंसा की, जिसने सड़क यातायात दुर्घटनाओं में कमी लाने और विभिन्न सार्वजनिक परिवहन साधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के माध्यम से दुबई यातायात सुरक्षा रणनीति के उद्देश्यों को प्राप्त करने की दिशा में समन्वय और संयुक्त प्रयासों को बढ़ाने में योगदान दिया।

अल टायर ने कहा, "यातायात सुरक्षा रणनीति और RTA के लक्ष्यों की प्राथमिकताओं में यातायात सुरक्षा उच्च स्थान पर है। RTA दुबई यातायात सुरक्षा रणनीति के लक्षित संकेतकों को प्राप्त करने के लिए उत्सुक है, जिसका उद्देश्य "Zero Fatalities" है और यातायात सुरक्षा के मामले में दुबई को विश्व में सर्वश्रेष्ठ स्थान दिलाना है। 2007 और 2023 के बीच यातायात दुर्घटना मृत्यु दर में 93 फीसदी तक की कमी आई है। RTA सभी सामूहिक और व्यक्तिगत गतिशीलता साधनों की सुरक्षा बढ़ाने और दुबई में सभी सड़क उपयोगकर्ताओं के लाभ के लिए यातायात जागरूकता और शिक्षा चैनल विकसित करने का भी प्रयास करता है।”

लेफ्टिनेंट जनरल अब्दुल्ला खलीफा अल मैरिज ने दुबई पुलिस के जनरल मुख्यालय और सड़क एवं परिवहन प्राधिकरण के बीच रणनीतिक साझेदारी की प्रशंसा की, जिसने संयुक्त प्रणालियों की स्थापना करने और दुबई की सड़कों पर सुरक्षा और यातायात सुरक्षा बढ़ाने के लक्ष्यों को प्राप्त करने में योगदान दिया है।

अल मैरिज ने कहा, "दुबई पुलिस का मुख्यालय यातायात सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए उत्सुक है, ताकि दुबई के रणनीतिक लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके, जिसमें ठोस विकास और समृद्धि की विशेषता हो और जीवन व संपत्तियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। रणनीतिक साझेदारों के साथ समन्वय और संयुक्त प्रयासों, यातायात दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चल रहे प्रयासों और विभिन्न यातायात मुद्दों व चुनौतियों से निपटने के लिए निरंतर जागरूकता अभियानों की सफलता के कारण दुबई में यातायात दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में हाल ही में उल्लेखनीय कमी देखी गई है।"

बैठक में दुबई यातायात सुरक्षा रणनीति 2022-2026 के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें चार मुख्य स्तंभ प्रवर्तन, सड़क व वाहन इंजीनियरिंग, यातायात जागरूकता और सिस्टम व प्रबंधन शामिल हैं। संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप यातायात सुरक्षा रणनीति 2023 के सभी वार्षिक लक्ष्य प्राप्त करने में सफलता मिली। प्रति 100,000 लोगों पर 1.6 मृत्यु दर दर्ज की गई, जो 2.0 मृत्यु के लक्ष्य से कम है, जबकि पिछले वर्ष प्राप्त दर दुबई द्वारा दर्ज की गई सबसे कम दर थी, जिससे अमीरात यातायात सुरक्षा के मामले में विश्व स्तर पर सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक बन गया।

पिछले साल दोनों पक्षों ने कई रणनीतिक पहलों को लागू किया, जिसमें पैदल यात्री क्रॉसिंग, मोटरसाइकिल, साइकिल और स्कूटर से संबंधित गंभीर उल्लंघनों के संबंध में यातायात प्रवर्तन को बढ़ाना शामिल है, जिसके परिणामस्वरूप 500,000 से अधिक उल्लंघन जारी किए गए। 32 ऊंचे पैदल यात्री क्रॉसिंग का निर्माण किया गया और व्यक्तिगत गतिशीलता साधनों के उपयोगकर्ताओं के लिए 200 से अधिक स्थानों पर सुधार किए गए। अन्य उपायों में बार-बार होने वाली घटनाओं वाले 29 स्थलों का अध्ययन व समाधान करने, सार्वजनिक परिवहन चालकों के लिए स्मार्ट प्रबंधन परियोजना को लागू करने, संयुक्त यातायात जागरूकता व प्रवर्तन अभियान चलाने और डिलीवरी मोटरसाइकिल चालकों के लिए जागरूकता व निरीक्षण अभियान शुरू करना शामिल है।

दोनों पक्षों ने 30 किलोमीटर (15 किलोमीटर भूमिगत मार्ग) तक फैली ब्लू लाइन परियोजना के यात्रियों और परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुबई पुलिस की आवश्यकताओं पर चर्चा की, जिसमें 14 स्टेशन (9 एलिवेटेड और 5 भूमिगत) शामिल हैं। ब्लू लाइन सेंटरपॉइंट स्टेशन पर रेड लाइन और अल खोर स्टेशन पर ग्रीन लाइन से जुड़ती है, जो 9 महत्वपूर्ण क्षेत्रों की सेवा करती है, जिनकी आबादी 2040 तक एक मिलियन तक पहुंचने का अनुमान है और दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को सीधा कनेक्शन प्रदान करती है। खुलने पर ब्लू लाइन से प्रतिदिन 200,000 यात्रियों की सेवा करने की उम्मीद है, जो 2040 तक बढ़कर 320,000 प्रतिदिन हो जाएगी। यह दुबई की शहरी योजना 2040 के अनुसार पांचवें शहरी केंद्र (दुबई सिलिकॉन ओएसिस) की सेवा करेगी और अमीरात के विकास व अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी। इसके परिणामस्वरूप मेट्रो स्टेशनों के आसपास की भूमि और संपत्ति का मूल्य 10-25 फीसदी तक बढ़ जाएगा तथा यातायात की भीड़भाड़ में 20 फीसदी की कमी आएगी।

बैठक में दुबई पुलिस की ओर से ऑपरेशन मामलों के सहायक कमांडर-इन-चीफ मेजर जनरल अब्दुल्ला अली अल गैथई, फोरेंसिक साक्ष्य एवं अपराध विज्ञान विभाग के निदेशक मेजर जनरल अहमद थानी बिन घुलैता अल मुहैरी और यातायात विभाग के कार्यवाहक निदेशक मेजर जनरल तारिक तहलाक ने भाग लिया।

अनुवाद - पी मिश्र.