अबू धाबी, 20 मार्च (WAM):अबू धाबी म्युनिसिपलिटीज़ एंड ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट से संबद्ध अबू धाबी मोबिलिटी ने रमज़ान के पाक महीने में शेख ज़ायद ग्रैंड मस्जिद आने-जाने वाले ज़ायरीनों की सुविधा के लिए कई नई सेवाएं और व्यवस्थाएं शुरू की हैं।
इस पहल के तहत अल रबदान इलाके के बस इंटरचेंज से मस्जिद तक 10 मुफ्त बसें चलाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी। मस्जिद के आस-पास की सड़कों और सिग्नल नियंत्रित चौराहों पर डिजिटल निगरानी कैमरों की मदद से ट्रैफिक की निगरानी की जा रही है।
यात्रियों को तय पार्किंग स्थलों तक पहुंचने में आसानी हो, इसके लिए मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक साइन बोर्ड और फिक्स्ड वेरिएबल मैसेज साइन (VMS) लगाए गए हैं। इसके अलावा मस्जिद के आसपास के प्रमुख चौराहों और सिग्नलों पर फील्ड इंस्पेक्टरों की तैनाती की गई है, ताकि नमाज के समय ट्रैफिक को व्यवस्थित किया जा सके।
रोड सर्विस पेट्रोल और वाहन टोइंग सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि किसी भी ट्रैफिक घटना के तुरंत बाद रास्ते को साफ कराया जा सके। मस्जिद के आस-पास गश्त बढ़ाई गई है ताकि कोई अव्यवस्था न हो।
मस्जिद आने-जाने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोज़ाना 100 टैक्सी की विशेष व्यवस्था की गई है। रमज़ान के आख़िरी दस दिनों में टैक्सियों की संख्या और बढ़ाई जाएगी ताकि ज़ायरीनों को किसी तरह की असुविधा न हो।
अबू धाबी मोबिलिटी ने कहा, "हम अबू धाबी में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार नए समाधान पेश कर रहे हैं। रमज़ान में शेख ज़ायद ग्रैंड मस्जिद आने वाले हर शख़्स को बेहतरीन अनुभव देना हमारी प्राथमिकता है।"